तीर्थन घाटी में कैसा हो टिकाऊ एवं जवाबदेह पर्यटन का स्वरूप, बंजार में हुआ मंथन

इस खबर को सुनें

सुरभि न्यूज़ (परस राम भारती) बंजार। जिला कुल्लू में उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी को वर्ष 2014 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर की सुची में शामिल किया गया है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क, ट्राउट मछली, प्राकृतिक सौन्दर्य और अपनी अनूठी संस्कृति व सभ्यता के लिए महशुर तीर्थन घाटी में पर्यटन तेजी से विकसित हो रहा है। बंजार क्षेत्र की तीर्थन और जिभि घाटी में पर्यटन की संभावनाओं, वर्तमान स्वरूप, और भविष्य में पर्यटन के साथ आने वाली चुनौतियों पर विचार विमर्श करने के लिए बंजार के खुंदन में बुधवार को एक बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में पर्यटन कारोबारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वैच्छिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, पर्यटन विशेषज्ञ और अन्य प्रबुद्ध लोगों ने हिस्सा लिया। भविष्यकालीन में बंजार क्षेत्र की तीर्थन और जीभी घाटी में पर्यटन का एक भौंडा स्वरूप सामने ना आए इसके लिए यहां पर एक बेहतरीन,व्यवस्थित और टिकाऊ पर्यटन विकास मॉडल को विकसित किया जाना अनिवार्य है। इसी विषय को लेकर बुद्धिजीवी लोगों द्वारा इस बैठक में गहनता से विचार विमर्श और मंथन किया गया। तीर्थन घाटी के सीमित प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण, यहां की संस्कृति व सभ्यता का संरक्षण एवं संवर्धन कैसे हो और भविष्य में यहां के लिए पर्यटन का स्वरूप कैसा होना चाहिए इस विषय पर बैठक में चर्चा परिचर्चा हुई। बैठक में उपस्थित बुद्धिजीवी लोगों ने तेजी से बढ़ते हुए पर्यटन से होने वाले कुप्रभावों और यहां की पारिस्थितिकी पर बढ़ते दबाव पर चिन्ता व्यक्त की है। बैठक में निर्णय लिया गया कि बंजार क्षेत्र की विभिन्न घाटियों में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े कारोबारियो, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, स्वैच्छिक संस्थाओं और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक स्थाई पर्यटन नीति के मसौदे को अंतिम रूप देकर कानून के तहत लागू करवाने के लिए साझा प्रयास किए जाएंगे। ताकि यहां के प्राकृतिक संसाधनों और संस्कृति का संरक्षण संबर्धन भी हो तथा समूचे क्षेत्र को एक टिकाऊ पर्यटन मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके। इस बैठक में इको पर्यटन विशेषज्ञ एवं हिमालय नीति अभियान की सदस्य अदिती, हिमालय नीति अभियान के संयोजक गुमान सिंह, सहारा संस्था के निदेशक राजेन्द्र चौहान, सहारा संस्था के सदस्य एवं पूर्व प्रधान हरी सिंह ठाकुर, सदस्य एवं पूर्व प्रधान स्वर्ण सिंह ठाकुर, पर्यटन एवं योगा शिक्षक नीरज ठाकुर, बरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरण प्रेमी दौलत भारती, ग्राम पंचायत शिल्ली के उपप्रधान मोहर सिंह, पर्यटन कारोबारी पदम सिंह आदि वक्ताओं ने अपने अपने विचार रखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *