हिमाचल प्रदेश पुलिस उत्कृष्ट कार्य करने वाले 112 पुलिस कर्मियों को करेगी डिस्क अवार्ड से सम्मानित, जिला लाहुल स्पीति के एसपी मानव वर्मा भी होंगे सम्मानित

इस खबर को सुनें

सुरभि न्यूज़ ब्यूरो

कुल्लू

हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 112 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को वर्ष 2021 के लिए डीजीपी डिस्क अवार्ड देने के लिए निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश में डीजीपी डिस्क अवार्ड के लिए जिला शिमला से 6, सोलन से दो, बद्दी से 4, सिरमौर से 3, किनौर से 3, बिलासपुर से तीन, हमीरपुर से दो, मंडी से 5, कुल्लू से दो, लाहुल-स्पीति से तीन, चंबा से 3 कांगड़ा से 4, ऊना से 3 पीटीसी डरोह से 3, सीआर से एक तथा एचपीआईपीएस से एक के साथ अन्य अधिकारीयों व कर्मचारियों का भी चयन हुआ है। जिला लाहुल-स्पीति से एसपी मानव वर्मा, एएसआई धीरज सेन तथा कांस्टेबल मनोहर लाल को डिस्क अवार्ड से नवाजा जायेगा।

लाहौल स्पिति पुलिस के पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने सरचू में बचाव दल का नेतृत्व करके 03 दिनों से फंसे लोगों को रेस्क्यू करके सुरक्षित पहुचाया। उन्होंने 21-22 अप्रैल 2021 को 35 घंटे तक चले एक संयुक्त बचाव अभियान का नेतृत्व किया जो -25 डिग्री तापमान के साथ 16,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित बारालाचा दर्रे के बर्फीले तूफ़ान की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हुआ जिसमें कुल 234 लोगों को सुरक्षित निकाल कर जान बचाई। एसपी मानव वर्मा ने 27 जुलाई, 2021 को जिले के पुलिस उपमंडल लाहौल में बादल फटने के कारण हुई त्रासदी में बचाव और खोज अभियान का नेतृत्व किया जिसमें 150 पर्यटकों का रेस्क्यू किया। एसपी मानव वर्मा लाहौल स्पिति पुलिस को उपरोक्त उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक के द्वारा डीजीपी डिस्क अवार्ड के साथ सम्मानित किया जायेगा।

सहायक उप निरीक्षक धीरज सेन ने 15.06.2021 को सेना शिविर से भागे दो सैनिकों को नाका लगाकर पकड़ा। उन्होंने चंद्रभागा नदी में परिवार के 4 सदस्यों को बचाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अटल टनल रोहतांग के प्रभारी के रूप में तैनात धीरज सेन ने पर्यटकों की सुरक्षा और यातायात का सुचारु संचालन करने के लिए निवारक व सक्रिय उपाय किये। उपरोक्त उत्कृष्ट सेवा के लिए सहायक उप निरीक्षक धीरज सेन को हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक के द्वारा डीजीपी डिस्क अवार्ड से नवाजा जायेगा।

लाहौल स्पिति पुलिस में आरक्षी मनोहर लाल न. 186 भी उस संयुक्त बचाव अभियान दल के सदस्य थे जिसका नेतृत्व लाहौल स्पिति पुलिस के पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने किया जो 21-22 अप्रैल 2021 को -25 डिग्री तापमान के साथ 16,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित बारालाचा दर्रे के बर्फीले तूफ़ान की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हुआ। 35 घंटे से अधिक समय तक चला यह संयुक्त बचाव अभियान जिसमें कुल 234 लोगों को बचाया गया। उपरोक्त उत्कृष्ट सेवा के लिए आरक्षी मनोहर लाल न. 186 को हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक के द्वारा डीजीपी डिस्क अवार्ड के लिए चयन हुआ है।

जिला कुल्लू पुलिस से इंस्पेक्टर सुनिल कुमार (गोल्डन डिस्क) व हेड कांस्टेबल जगदीश चंद को उनके द्वारा विभाग के प्रति प्रदान कि गई उत्कृष्ट सेवा के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक के द्वारा डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा। पुलिस उच्च अधिकारी एवं कर्मचारी डिस्क अवार्ड  सम्मान के चयन होने पर अपने को गौरवान्वित मह्सुस करने के साथ हिमाचल प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त करते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *