सुरभि न्यूज़
काँगड़ा
जिला काँगड़ा के तरसूह में पत्थर से सिर पर वार करके एक युवक की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार युवक का शव के घर के पास पड़ा हुआ मिला, जहां पर आसपास में खून बिखरा हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या कर उसके शव को नीचे खाई में फेंक दिया गया था।
इस संबंध में जानकारी देते हुए तरसूह पंचायत प्रधान सुनील दत्त ने बताया कि उन्हें सुबह एक शव पड़ा होने की जानकारी मिली। जिस पर उन्होंने मामले की जानकारी कांगड़ा पुलिस को दी।
जानकारी के मुताबिक सुबह जब कुछ लोग जंगल की तरफ निकले थे तो उन्होंने रास्ते में खून बिखरा हुआ देखा और रास्ते से नीचे झांक कर देखा तो नीचे खाई में युवक का शव पड़ा था।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय रमन कुमार निवासी तरसूह के रूप में हुई है। मृतक कांगड़ा में पेंटर का काम करता था। मिली जानकारी के अनुसार युवक के सिर और मुंह में काफी खून निकला हुआ था।
अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक के सिर में पत्थरों से वार किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। वहीं धर्मशाला से फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और वह भी जांच में जुट गई है।