आनी कॉलेज में जल्द न भरे गए रिक्त पद तो कांग्रेस छेड़ेगी आंदोलन-परस राम पूर्व प्रत्याशी कांग्रेस

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

आनी

आनी के हरिपुर स्थित डिग्री कॉलेज में बीते कुछ समय मे ही शिक्षकों सहित करीब 15 महत्वपूर्ण पद खाली होने से कॉलेज में पढ़ने वाले 950 से अधिक बच्चों का भविष्य दांव पर लग गया है। फलस्वरूप अविभावकों व बच्चों में सरकार और स्थानीय नेताओं के प्रति रोष पनपने लगा है। मंगलवार को आनी में एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए आनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी परस राम ने प्रदेश सरकार पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया है। साथ ही रिक्त पदों को जल्द न भरने पर एक व्यापक आंदोलन सरकार के खिलाफ छेड़ने की चेतावनी भी दी है। परस राम ने कहा कि 2006 में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा दिये गए आनी के डिग्री कॉलेज में बॉटनी, केमिस्ट्री, पोलिटिकल साइंस, इकोनॉमिक्स, जूलॉजी, हिस्ट्री, कॉमर्स, इंग्लिश और म्यूजिक वोकल के हर महत्वपूर्ण विषय के पद खाली पड़े हैं। जबकि अधिकांश पद 2019 के बाद खाली पड़े हैं,जिन्हें आजतक भरा नहीं जा सका। हैरानी की बात तो यह है कि 2019 में कॉलेज के प्रिंसीपल का तबादला होने के बाद से लेकर आजतक कॉलेज में यह पद भी नहीं भरा जा सका। इसके अलावा कॉलेज की लाइब्रेरी में लाइब्रेरियन सहित सभी चारों पद खाली पड़े है जबकि कॉलेज में सीनियर अस्सिस्टेंट का पद भी 2019 से ही खाली पड़ा है। उन्होंने कहा कि आनी के विधायक आनी के डिग्री कॉलेज से ट्रांसफर हुए विभिन्न महत्वपूर्ण पदों को भर पाने में असमर्थ हैं। एक बार पद खाली होने पर यदि किसी शिक्षक का तबादला आनी होता है तो वह अपनी एडजस्टमेंट अपने मनपसंद कॉलेज में करवा रहा है। परस राम ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है बल्कि पूर्व में भाजपा सरकार द्वारा एक के बाद एक करीब 12 अध्यापकों को पदों समेत प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में भेज दिया गया था। उन्होंने चेताया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आनी के डिग्री कॉलेज के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू न हुई तो आनी कांग्रेस अविभावकों के साथ मिलकर एक बड़ा आंदोलन छेड देगी। उन्होंने सरकार से आनी कॉलेज की सम्बद्धता को मंडी विश्विद्यालय के अधीनस्थ न रखकर इसे यथावत शिमला विश्विद्यालय के अधीनस्थ रखने की ही जोरदार मांग की है। इस दोरान उनके साथ कॉलेज पीटीए के अध्यक्ष पप्पू सत्या, आनी विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस माइनॉरिटी विभाग के अध्यक्ष दलीप जॉन डिसूजा तथा रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *