सुरभि न्यूज़
सी आर शर्मा, आनी
दूसरों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने वाले विभाग तहसील कल्याण व बाल विकास परियोजना के अधिकारी व कर्मचारी खतरे के साये में अपनी सेवाएं देने को विवश हैं।
आनी के कल्याण भवन में चल रहे दो विभागों के कर्मचारी भवन के पीछे आये दिन गिरते मलबे पत्थर के खतरे से बेहद सहमे हुए हैं। सोमवार को तो भवन के सामने की पहाड़ी से भूस्खलन हो गया।
गनीमत ये रही कि इस हादसे के समय कार्यालय के लिए कोई भी व्यक्ति नहीं गुजरा, अन्यथा कोई अनहोनी भी हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार कल्याण भवन के पीछे सुरक्षा दीवार लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग के पास आईडीडीएस विभाग का पैसा जमा है, लेकिन लोक निर्माण विभाग उस राशि के अनुरूप अभी तक निर्माण कार्य नहीं करवा पाया है, जिससे कल्याण भवन के पीछे व सामने भूस्खलन का खतरा हर समय बना हुआ है।
इस बारे में तहसील कल्याण अधिकारी सतीश शर्मा ने बताया कि कल्याण भवन के पीछे सुरक्षा दीवार लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बार बार आग्रह किया गया मगर विभाग के पास इस कार्य के लिए पैसा जमा होने के बाबजूद भी कार्य के टेंडर लगाने में अधिकारियों द्वारा ढील बरती जा रही है।
जिसका खामियाजा कल्याण भवन में चल रहे दो महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी कर्मचारियों को भूस्खलन के खतरे के रूप में भुगतना पड़ रहा है। जिसका परिणाम सोमवार को कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग के पीछे से गिरे भारी मलबे के रूप में सामने आया।
तहसील कल्याण अधिकारी सतीश शर्मा ने बताया कि उनके कार्यालय में विभागीय कर्मचारियों के अलावा दिनभर सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए बरिष्ठ नागरिकों का आना जाना लगा रहता है।
मगर गनीमत ये रही कि जिस समय मलबा गिरा, उस समय किसी भी व्यक्ति का कार्यालय में आना जाना नहीं हुआ, अन्यथा कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
वहीं एसडीएम आनी नरेश कुमार वर्मा ने लोक निर्माण विभाग उपमण्डल आनी के सहायक अभियंता को इस बारे में शीघ्र उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।