चुनावी बेला में कांग्रेस जनता से कर रही है झूठे वायदे-डॉक्टर सिकंदर कुमार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ डेस्क

विजयराज उपाध्याय, बिलासपुर

राज्यसभा सांसद डाॅ. सिकंदर कुमार ने चुनावी बेला में दी जा रही गारंटियों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने का वादा कर रही है।

राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। इन राज्यों की महिलाओं को यह राशि क्यों नहीं दी गई। इस तरह के झूठे वादों और प्रलोभनों की वजह से पूरे देश में उसका सफाया होता जा रहा है।

कभी संसद में भाजपा के केवल 2 सांसद होने का मजाक उड़ाने वाली कांग्रेस अब खुद विलुप्त होने के कगार पर है। हिमाचल की सत्ता हासिल करने का कांग्रेस का मंसूबा पूरा होने वाला नहीं है।

मंगलवार को बिलासपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक जमवाल के समर्थन में अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डाॅ. सिकंदर ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास’ के उद्देश्य के साथ काम कर रही है।

पार्टी में छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी बड़े पद तक पहुँच सकता है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप जैसे और भी कई उदाहरण हैं।

कांग्रेस ने तो संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अंबेदकर का भी मान-सम्मान नहीं किया। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से उन्हें भारत रत्न अवार्ड से नवाजा गया था।

डाॅ. सिकंदर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से बिलासपुर समेत पूरे हिमाचल को कई बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं। इनमें जेपी नड्डा की अहम भूमिका रही है।

नड्डा ने हिमाचल को बहुत कुछ दिया है। अब जनता की बारी है। बिलासपुर की चारों सीटों पर भगवा परचम लहराते हुए प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाकर उनका सम्मान किया जाएगा।

उन्होंने अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 12 नवंबर तक मोदी, नड्डा, जयराम, अनुराग व त्रिलोक बनकर काम करें।

इससे पहले त्रिलोक जमवाल ने कहा कि भाजपा देश और प्रदेश के विकास के लिए काम करती है। कोठीपुरा में एम्स के शिलान्यास को कांग्रेस ने चुनावी शिगूफा कहा था। भूमि पूजन की रस्म निभाने पर सदर से कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर यह कहते रहे कि रेत-बजरी का पूजन करके लोगों को गुमराह किया गया। ओपीडी सेवाएं शुरू होने पर उन्होंने उसका विरोध किया।

जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महज 5 वर्षों में बनकर तैयार हुए एम्स का उद्घाटन करने आए तो कांग्रेस के यही नेता उसके विरोध में प्रदर्शन की अनुमति मांग रहे थे।

उन्होंने चुनावी बेला में कई तरह की गारंटियां देने वाले कांग्रेस प्रत्याशी को चुनौती दी कि वह 50 करोड़ रुपये का एक प्रोजेक्ट तक बता दें, जो उन्होंने सिरे चढ़ाया हो।

कार्यक्रम के दौरान 10 महिलाओं समेत लगभग 40 लोग भाजपा में शामिल हुए। भगवा पटके पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इससे पहले जनसंपर्क अभियान के तहत त्रिलोक जमवाल ने बंदला और सिहड़ा पंचायतों में चुनावी सभाओं के माध्यम से लोगों से सहयोग व समर्थन मांगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *