सुरभि न्यूज़ डेस्क
सी आर शर्मा, आनी
उपमण्डल मुख्यालय आनी में बुधबार को देव आगमन के साथ तीन दिवसीय सिराज उत्सव लवी मेले का आगाज हो गया।मेले में क्षेत्र के आराध्य गढपति देवता शमशरी महादेव, देवता पनेउई नाग व देवता कुलक्षेत्र महादेव ने देव वाद्य यंत्रों की थाप पर अपने कारकूनों व सैंकड़ों देवलूओं संग बाजार में शोभा यात्रा के साथ मेले में शिरकत की।
देवताओं ने देव नृत्य भी किया जिससे आनी क्षेत्र का बातावरण देवमय हो गया। स्थानीय लवी मेला कमेटी ने मेले में पधारे सभी अतिथि देवताओं का देव परम्परा अनुसार भव्य स्वागत किया।
तीन दिवसीय सिराज उत्सव लवी मेले का विधिवत उदघाटन समाजसेवी सेस राम आजाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।उन्होंने इस मौके पर लोगों को लवी मेले की बधाई दी और कहा कि मेले व त्यौहार हमारी प्राचीन संस्कृति के संवाहक है जिन्हें सजोये रखना भावी पीढ़ी का परम कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि देव संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह का अहम योगदान रहा है।उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए अपनी ओर से ग्यारह हजार रु की सहयोग राशि प्रदान की।
वहीं मेला कमेटी के अध्यक्ष यूपेन्द्र कांत मिश्रा ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति की पहचान है। सिराज उत्सव देवी देवताओं के सानिध्य में हर साल मनाया जाता है।
हिमाचल प्रदेश में सिराज उत्सव मेले की अपनी अलग पहचान बनी है जिसमे खेलकूद,सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवाओं की अधिक भागेदारी रहती है।
मेले के शुभारंभ पर हिमालयन मॉडल स्कूल व सरकारी स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। मेले की सांस्कृतिक संध्या में इस बार फेम ऑफ इंडियन आईडल कुमार साहिल, विवेक मोरी तथा रजनी ठाकुर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
इस अवसर पर अध्यक्ष यूपेन्द्र कांत मिश्रा, शिव राज शर्मा, सतपाल ठाकुर, एस.पी ठाकुर कुकू तथा महेंद्र ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।