आनी और निरमण्ड का समान रूप से होगा विकास-लोकेन्द्र कुमार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

आनी 

आनी विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित युवा भाजपा विधायक लोकेन्द्र कुमार ने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र के आनी और निरमण्ड उपमंडलों की हर पंचायत, हर गांव का बिना किसी क्षेत्रवाद व भेदभाव के एक सम्मान विकास किया जाएगा।

लोकेन्द्र कुमार ने कहा कि उनके विरोधी लगातार क्षेत्रवाद को लेकर भ्रांतियां फैला रहे हैं जबकि क्षेत्रवाद की उनके कार्यशैली में कोई जगह नहीं है। आनी और निरमण्ड की जनता ने चुनावों में उन्हें समान रूप से समर्थन दिया है और अब आनी विधानसभा क्षेत्र के 90 हजार मतदाताओं को मिलाकर सवा लाख से ज्यादा की आबादी के विकास, उनकी समस्याओं को दूर करने और मांगों को सरकार के माध्यम से पूरा करवाने का जिम्मा उनका है, ऐसे में भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं है।

लोकेन्द्र कुमार ने कहा कि आनी और निरमण्ड दोनों ही क्षेत्र मेरी दो आंखें हैं, ऐसे में भेदभाव का कोई प्रश्न ही नहीं पैदा होता। उन्होंने कहा कि विधायक निधि और विधायक प्राथमिकता के बजट को भी समान रूप से खर्च किया जाएगा।

लोकेन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान में भाजपा प्रदेश सरकार में विपक्षी दल की भूमिका में है। ऐसे में आनी विधानसभा क्षेत्र की मांगों, समस्याओं को लेकर पहले की ही तरह भविष्य में भी सदन में हो या बाहर क्षेत्र की जनता के लिए लगातार संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *