केलंग के युरनाथ में महिला ग्राम सभा का किया आयोजन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

केलंग
जिला लाहौल स्पिति के मुख्यालय केलंग के समीप यूरनाथ ग्राम पंचायत में आज महिला ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

ग्राम सभा के अवसर पर भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु व मघ्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा यूरनाथ पंचायत में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र केलंग की महा प्रबन्धक छिमें अंगमो ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होनें अपने सम्बोधन में कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं को प्रधान मंत्री रोजगार सृजन योजना व प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना की जानकारी दी।

उन्होनें महिलाओं से केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह भी किया। महाप्रबन्धक छिमे अंगमों ने कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली की शुभकामनाएं भी दी।

इस कार्यशाला में सूक्ष्म, लघु व मघ्यम उद्यम मंत्रालय के एम.एस.एम.ई. विकास एवं सुविधा कार्यालय सोलन के सहायक निदेशक विक्रम चौहान ने स्थानीय महिलाओं को सूक्ष्म, लघु व मघ्यम उद्योगों के बारे में जानकारी दी।

उन्होनें सूक्ष्म, लघु व मघ्यम उद्योगों को स्थापित करने के लिए केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उद्यमता रजिस्ट्रेशन के बारे में जानकारी प्रदान की।

उन्होंने इस अवसर पर डिजिटल पेमैन्ट व चैम्पियन पोर्टल और समाधान पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी। विक्रम चौहान ने कहा कि सूक्ष्म व लघु उद्योग स्थापित कर महिलाएं अपनी आर्थिकी को सुद्धढ़ बना सकती है।

एम.एस.एम.ई. के सेवानिवृत अधिकारी नानक चन्द ने ‘‘जैम पोर्टल’’ के बारे में महिलाओं को अवगत करवाया। कार्यशाला के दौरान सहायक आयुक्त लाहौल स्पिति डा0 रोहित शर्मा ने महिलाओं के अधिकारों व उनकी सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। डा0 रोहित शर्मा ने ‘‘पोष एक्ट’’ 2013 व घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 के बारे में जानकारी प्रदान की।

पशुपालन विभाग की कार्यकारी उपनिदेशक डा0 मनीषा ने इस अवसर पर महिलाओं को गौ पालन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष कुन्दन शर्मा ने भी बाल अधिकारों के बारे में अपने विचार रखे।

इस अवसर पर यूरनाथ पंचायत प्रधान विजय आनन्द, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष रिगजिन हायरपा सहित स्थानीय महिला मंडल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *