प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा पर राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए था, केंद्र की भाजपा सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया-प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव सुनील शर्मा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

विजयराज उपाध्याय , बिलासपुर

विपक्षी दलों के एक मंच पर आने और विपक्षी दलों की एकजुटता के चलते भाजपा नेता बौखला उठे हैं। जिसके चलते भाजपा नेता अब अनाप-श्राप बयानबाजी कर रहे हैं। लेकिन इस बार प्रदेश, देश की जनता भाजपा नेताओं के बहकावे में नहीं आएगी। बल्कि इस बार केंद्र में कांग्रेस समॢथत सरकार बनेगी।

यह बात बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव एवं राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार देखकर बौखलाहट में हैं। भाजपा द्वारा बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार को खत्म करने को लेकर जनता को गुमराह किया है। लेकिन अब भाजपा सरकार की कारगुजारी से जनता भलिभांति अवगत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में मणिपुर में हुई घटना ने तो देश को विश्व स्तर पर शर्मशार किया है। हैरानी इस बात की है कि इस मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस मसले को लेकर कोई खास गंभीरता नहीं दिखाई। मणिपुर में हुई घटना में कथित तौर पर भाजपा नेताओं की संलिप्तता पाई जा रही है। लेकिन फिर भी भाजपा नेता चुप्पी साधे हुए हैं।

सुनील शर्मा ने कहा कि हर बार भाजपा ने जनता को गुमराह किया है। अभी हाल ही में भारी बारिश के चलते प्रदेश में आपदा आई जिससे सैंकड़ों करोड़ों का नुकसान प्रदेश में हुआ। लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने इसे भी गंभीरता से नहीं लिया। जबकि केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री सुखबिंद्र सिंह सुक्खू की ओर से केंद्र सरकार से आग्रह किया। निरीक्षण को पहुंची केंद्रीय टीम ने भी प्रदेश के जख्मों को गंभीरता से देखा। लेकिन फिर भी केंद्र सरकार ने इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया।

सुनील शर्मा ने कहा कि एक ओर जहां केंद्र ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, मुख्यमंत्री सुखबिंद्र सिंह सुक्खू स्वयं मोर्चे पर डटे रहे और प्रदेश में बारिश से प्रभावित हुए लोगों को राहत मुहैया करवाई। प्रदेश से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी प्रदेश की जनता को लेकर कोई भी उचित कदम नहीं उठाए। बल्कि निरीक्षण ही करते रहे। जबकि अपनी सांसद निधि से ही कुछ राशि प्रदेश की जनता को जारी करनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेहतर कार्य किया है। वहीं, कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी लोकसभा चुनावों में केंद्र में कांग्रेस समर्थित सरकार बनेगी जिसका लाभ प्रदेश व देश की जनता को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *