सुरभि न्यूज़
विजयराज उपाध्याय, बिलासपुर
सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय कंदरौर के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण शुक्रवार को किया गया। चेतना संस्था की संस्थापक डाॅ. मल्लिका नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने मुख्य अतिथि, जबकि चेतना संस्था के सचिव हरीश नड्डा ने बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थिति दर्ज करवाई। विधायक ने मुख्य सड़क से विद्यालय तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इस दौरान हरीश नड्डा के मार्गदर्शन में करवाई गई निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को साईकिल भी भेंट की गई।
सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय कंदरौर के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना व स्वागत गीत से हुई। हरीश नड्डा ने विद्यालय के खेल मैदान के विस्तारीकरण तथा स्कूल के सौंदर्यीकरण कार्य की जानकारी देने के साथ ही चेतना संस्था द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न कार्यों का ब्योरा भी दिया। उन्होंने भविष्य में भी स्कूल के उत्थान व विकास के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। त्रिलोक जमवाल ने खेल मैदान के विस्तार और स्कूल के सौंदर्यीकरण के कार्यों के लिए चेतना संस्था की सराहना की। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा अपने गृह जिला बिलासपुर में करवाए जा रहे विकास कार्यों का विस्तार से विवरण भी दिया।
डाॅ. मल्लिका नड्डा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा व संस्कारों के साथ ही सही मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है। सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अपने बचपन और शिशु मंदिरों में अपनी शिक्षा प्राप्त करने के अनुभव भी सांझा किए। उन्होंने चेतना संस्था की स्थापना के उद्देश्य से लेकर दिव्यांगों, महिलाओं व जरूरतमंदों के लिए लगातार किए जा रहे कार्यों की संक्षिप्त जानकारी देते हुए स्कूल प्रबंधन को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी चेतना संस्था का सहयोग उन्हें मिलता रहेगा। इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र ठाकुर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में विद्या भारती की बिलासपुर जिला इकाई के सह संरक्षक गोरख सिंह चंदेल, जिला के संकुल-2 अध्यक्ष दीपचंद नड्डा, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख राजेश उपाध्याय, कैप्टन जिंदूराम, जिला भाजपा के पूर्व महामंत्री प्यारेलाल चैधरी, सदर मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर, स्कूल के प्रबंधक रविंद्र सिंह, पंचायत उपप्रधान राकेश, फूलां संधू, इंद्र सिंह, जयनंद, नीना कौशल, हीरापाल, डिंपल व पूर्व प्रधानाचार्य राजकुमार आदि ने भी भाग लिया।