सुरभि न्यूज़
कुल्लू 20 फरवरी
जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर के देवसदन में जिला कुल्लू भाजपा के द्वारा 22 फरवरी को 11:30 बजे बजट पर प्रबुद्ध जन गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रबुद्ध जन गोष्ठी में प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधान सभा क्षेत्र के विधायक राकेश जमवाल मुख्य वक्ता के तौर पर भाग लेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि भाजपा के द्वारा भारत के हर राज्य और हर जिले में इस तरह की गोष्ठी के माध्यम से आम जनता को केंद्रीय बजट के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम देश भर में 23 फरवरी तक आयोजित किए जाएंगे। जिसमें भाजपा के पदाधिकारी, मंत्री व सांसद भाग लेकर बजट के बारे में जानकारी देंगे, ताकि बजट को लेकर भ्रम फैलाने वालों से जनता भ्रमित न हो।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के द्वारा इस बार पेश किए गए बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है और प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।
केंद्र सरकार के आम जन के हित में इस बार 50 लाख करोड़ से अधिक का बजट पेश किया गया है। उन्होंने ने बताया कि इस कार्यक्रम हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
गोष्ठी में पूर्व मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह,बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी, आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, कुल्लू से 2022 के प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, जिला कुल्लू के 12 मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, जिला व प्रदेश पदाधिकारी, सभी मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। जिला अध्यक्ष ने बताया कि गोष्ठी में आम जनमानस की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।