सुरभि न्यूज़
केलांग, लाहौल स्पीति
जनजातीय लाहुल-स्पीति में आईटीबीपी की बॉर्डर पोस्ट गयु के समीप अचानक हिमखंड गिरा और इसका बर्फीला तूफान आईटीबीपी के कैंप तक पहुंचा।
गनीमत रही कि हिमखंड पोस्ट से महज 200 मीटर की दूरी पर रुक गया और बड़ा हादसा होने से टल गया। यह हादसा रविवार सुबह 11 बजे सब डिवीजन काजा के गयू में हुआ। इस दौरान आईटीबीपी के अधिकारी और जवान बर्फ हटाने का काम कर रहे थे।
इस बीच जिले में कई अन्य जगहों पर भी हिमस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं। अब तक किसी प्रकार के जानी नुकसान की खबर नहीं है। मौसम खुलने के बाद लाहुल-स्पीति में हिमखंड गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। लाहुल में दो जगहों पर हिमखंड गिरे।
रविवार को जिला मुख्यालय केलांग से 12 किमी दूर मूलिंग के नजदीक पीर पंजाल की चोटी से हिमस्खलन हुआ, जिससे चंद्रा नदी का बहाव रुक गया, जबकि अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के समीप यदलिंग नाले में भी हिमखंड गिरा।
हिमस्खलन की चपेट में दो फूड वैन और एक ढाबा आया। मनाली-लेह नेशनल हाईवे पर लगा साइन बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हुआ। उधर, मनाली की ओर धुंधी के पास हुए हिमस्खलन ने सड़क मार्ग अवरुद्ध कर दिया था, जिसे बीआरओ की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर बहाल कर दिया है।
लाहुल-स्पीति के उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि भारी हिमपात के कारण हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।