हादसा : जिला चंबा में कार गहरी खाई में गिरने से 13 वर्षीय बच्चे सहित दंपत्ति की मौत, तीन गंभीर घायल

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
चंबा, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में रविवार को भरमौर-चम्बा-पठानकोट हाईवे पर एक बड़ा हादसा सामने आया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत्तकों में एक बच्चा व पति-पत्नी शामिल हैं। जबकि तीन लोग घायल हो गए। जिनको अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश व जम्मू की सीमा के साथ लगते गांव बेही डेडरा डाकघर हट तहसील बहसौली जिला कठुआ का पांच सदस्यों का एक परिवार कार जेके 08पी-7325 में सवार हो कर वाया खैरी होते हुए पंजाब के दुनेरा में दवाई के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ कार चालक भी था। बताया जा रहा है कि जब इन लोगों की कार कैरू पहाड़ के पास पहुंची तो चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना अन्य वाहन चालकों द्वारा स्थानीय लोगों व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस व प्रशासनिक कर्मचारी मौके पर पहुंचे। लेकिन गहरी खाई में गिरी कार तक पहुंचने का रास्ता न होने के कारण बचाव कार्य में जुटे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोग व पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो एक बच्चे व एक व्यक्ति को मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल ले जाते हुए एक महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि, तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
मृत्तकों की पहचान 13 वर्षीय मनु पुत्र जोगिंदर पाल, विद्या देवी पत्नी पठानों राम व 48 वर्षीय महिंदर पाल पुत्र रसीलो राम सभी निवासी गांव बेही डेडरा डाकघर हट तहसील बहसौली जिला कठुआ जम्मू के तौर पर हुई है। जबकि घायलों में चालक 32 वर्षीय शंकर कुमार पुत्र ज्ञान चंद, 6 वर्षीय वंश पुत्र मक्खन लाल व 58 वर्षीय पठानो राम पुत्र हीरो राम सभी निवासी गांव बेही डेडरा डाकघर हट तहसील बहसौली जिला कठुआ जम्मू शामिल हैं।
पुलिस ने मृत्तकों के शव पोस्टमार्टम के लिए चुवाड़ी अस्पताल भिजवा दिए हैं। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज करके हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *