शिमला पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, इस वर्ष 586 आरोपी गिरफ्तार, 12.52 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज, 66 नशा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

शिमला, 31 अक्तूबर

जिला शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने व्यापक अभियान छेड़ रखा है। इस वर्ष अब तक नशे से संबंधित 291 मामले दर्ज कर 586 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए 69 व्यक्तियों की कुल 12 करोड़ 52 लाख 32 हजार 868 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। यह जानकारी शुक्रवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित जिला एनकॉर्ड (नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर) की बैठक में दी गई।

बैठक में उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को केवल कार्रवाई तक सीमित न रखकर इसे जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। जिला के कई शिक्षण संस्थानों तक अभी नशा विरोधी जागरूकता अभियान नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक जागरूकता गतिविधियां पहुंचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त से बाहर निकल चुके युवाओं को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए भी सकारात्मक प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन शुरू कर सकें। सभी एसडीएम और डीएसपी को आगामी एनकॉर्ड बैठक में नशे के खिलाफ उठाए गए कदमों की विस्तृत प्रस्तुति देने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि सड़क किनारे ढाबों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने के साथ नशे का कारोबार भी पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बैठक में जिला पुलिस की कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक नशे से संबंधित 291 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 567 पुरुषों और 19 महिलाओं सहित कुल 586 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 91 आरोपी बैकवर्ड तथा 17 आरोपी फॉरवर्ड श्रेणी में दर्शाए गए हैं। चालू माह के दौरान 28 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 46 पुरुषों और दो महिलाओं सहित कुल 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

युवाओं और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा शिक्षण संस्थानों और पंचायत स्तर पर भी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस वर्ष अब तक 19 स्कूलों का दौरा किया गया तथा छह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा 15 पंचायत बैठकों में भाग लेकर नशे के खिलाफ जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। एसएचओ और आईसी पीपी की ओर से भी छह स्कूलों का दौरा किया गया।

नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने वित्तीय जांच के तहत 69 व्यक्तियों की 12,52,32,868 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की है। वहीं, अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के तहत 2,003 लोगों का सत्यापन किया जाना निर्धारित किया गया था। इनमें से 940 लोगों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है, जबकि 1,063 का सत्यापन अभी लंबित है। इस दौरान अतिक्रमण के दो मामले सामने आए, जिन्हें पुलिस थाना रोहड़ू क्षेत्र में ध्वस्त किया गया।

पुलिस ने नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क को तोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाया है। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 66, वर्ष 2025 में चार तथा वर्ष 2024 में चार नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त नशीले पदार्थों की अवैध खेती के संबंध में पुलिस थाना देहा में एफआईआर संख्या 33/26 के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए कानून प्रवर्तन के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखना, शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता बढ़ाना और समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से इस दिशा में समन्वित प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम भुवन शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, एसडीएम शिमला ग्रामीण कार्तिकेय शर्मा, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *