भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारों से गूंज उठी तीर्थन घाटी की वादियां

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी गुशैनी बंजार

जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी समेत अन्य क्षेत्रों में इन दिनों आजादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान जोर पकड़ता जा रहा है। इस देशव्यापी अभियान के माध्यम से तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरियां निकालकर लोगों को 15 अगस्त तक अपने अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित और जागरुक किया जा रहा है। भारत वर्ष के लोग आजादी का 75वा उत्सव मनाने को तैयार है जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह एवं जोश देखने को मिल रहा है।

तीर्थन घाटी की दूर दराज ग्राम पंचायत पेखड़ी के मनहार वार्ड में प्रधान पुष्पा देवी की अगुवाई में तिरंगा यात्रा और प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। गांव मनहार से कुल्थी खेल मैदान तक हुई इस पैदल यात्रा में ग्राम पंचायत पेखड़ी के पदाधिकारियों और सदस्यों, हंसपुरी महिला मंडल मनहार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर स्कूली बच्चों, महिलाओं बुजुर्गों और अन्य गणमान्य लोगों बढ़चढ़ कर भाग लिया।

इस दौरान सभी लोग मनहार गांव में इकटठे हुए और अपने अपने हाथों में तिरंगे झंडे लेकर सर्वप्रथम राष्ट्रीय गान गाया तथा भारत माता की जय और बन्दे मातरम के नारे लगाए। लोगों में अपने देश प्रेम के प्रति भारी उत्साह और जोश देखने को मिला। उपस्थित लोगों द्वारा तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी के दौरान लगाए गए नारों से तीर्थन घाटी के नोहांडा क्षेत्र की वादियां गुंजायमान हो उठी। यहां के स्थानीय लोगों ने इस देशव्यापी अभियान में भागीदार बनकर अन्य को एकता और अखंडता का सन्देश दिया है।

इस तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी में ग्राम पंचायत पेखड़ी की प्रधान पुष्पा देवी के साथ पंचायत सचिव उत्तम सिंह, महिला मंडल की उप प्रधान कलु देवी, सेवानिवृत वन परिक्षेत्र अधिकारी तुले सिंह नेगी, ग्राम पंचायत नोहांडा के पुर्व प्रधान स्वर्ण सिंह ठाकुर पंचायत के सदस्यगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा मनहार गांव से शुरू होकर पैदल सड़क मार्ग द्वारा कुलथी गांव के खेल मैदान में पहुंची जहां पर इसका समापन हुआ।

इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधान पुष्पा देवी ने कहा है कि हम सभी को भारत देश की आन बान और शान तिरंगे झंडे का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक सभी लोग तिरंगे झंडे को हर घर पर सम्मानपूर्वक किसी ऊंचे स्थान पर फहराएं।

ग्राम पंचायत पेखड़ी के सचिव उत्तम सिंह ने कहा है कि इस प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य लोगों को हर घर में सम्मान पूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित और जागरुक करना है। इन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक पेखड़ी पंचायत के हर घर में तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। इन्होंने इस कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए स्थानीय महिला मण्डल, जनप्रतिनिधियों व अन्य लोगों का आभार प्रकट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *