शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने 125 महिला मंडलों को वितरित किए 10 लाख के चैक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ कुल्लू। महिलाएं समाज की रीढ़ हैं तथा इनके बिना परिवार तथा समाज के विकास की कल्पना नही की जा सकती। ये विचार शिक्षा, भाषा कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मनाली प्रशासन द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं खेल संस्थान अलेऊ के सभागार में आयोजित महिला मंडल अभिनंदन कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, राजनीति, अंतरिक्ष, विज्ञान चाहे समाज सेवा की बात हो, महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी शक्ति का लोहा मनवाया है। महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़-चढ़ कर भाग ले रही हैं तथा कोरोना काल में भी महिला मंडलों तथा स्वयं सहायता समूहों की समाज सेवा में सराहनीय भूमिका रही है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने नग्गर विकास खंड के 125 महिला मंडलों को गत वर्ष 2 जनवरी से 6 जनवरी तक शरद महोत्सव मनाली में झांकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन स्वरूप 10 लाख रूपए की राशि के चैक वितरित किए। प्रत्येक महिला मंडल को 8-8 हजार रूपए का चैक भेंट किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही हैं ताकि वह इसे अपनी आमदनी का जरिया बनाकर अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ कर सकें। प्र्रदेश भाजपा सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की सुविधा प्रदान की है परिणामस्वरूपे आज अधिकतर पंचायतों का प्रतिनिधित्व महिलाएं कर रही हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि कुल्लू देवी-देवताओं की धरती है तथा लोगों की देवी-देवतेाओं के प्रति असीम आस्था के चलते शीघ्र ही देश-दुनिया कोराना मुक्त होगी। उन्होंने कहा कि कोराना के चलते इस वर्ष मनाली शरदोत्सव नहीं मनाया गया परंतु जनवरी, 2022 में मनाली शरद उत्सव को शानदार तथा भव्य तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतनी चाहिए। कोराना संक्रमण का खतरा अभी टलका नहीं है तथा इससेे बचाव को लेकर लोगों को मास्क पहनना, हाथों का बार -बार साफ करना, सामाजिक दूरी तथा कोविड उपयुक्त व्यवहार को अपनाना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर, ग्राम पंचायत चचोगा की प्रधान दीक्षा, एसडीएम मनाली सुरेन्द्र ठाकुर तथा वन मंडल अधिकारी ऐंजल चैहान ने भी महिला सशक्तिकरण तथा वनों के संरक्षण तथा संबर्धन पर अपने-2 विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री की धर्म पत्नी रजनी ठाकुर, मनाली भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा चंद ठाकुर, भाजपा मनाली मंडल महामंत्री ठाकुर दास, प्रीणी पंचायत के प्रधान हरी सिंह, मनाली नगर पार्षद ललिता, कल्पना ठाकुर, भाजपा वरिष्ठ नेत्री पुष्पा, पलचान के पूर्व प्रधान सुंदर सिंह ठाकुर, डीएफओ (वन्य जीव) राकेश कुमार, एसीएफ मनोज कुमार, तहसीलदार नारायण सिंह वर्मा के अतिरिक्त अन्य गणमानय लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *