सुरभि न्यूज़(सी आर शर्मा) आनी। युवा पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों और देश के कुर्बान हुए शहीदों के जीवन मूल्य को समझें ताकि वह आजादी का अर्थ सही मायनों में समझ सकें। एसडीएम आनी कुलदीप पटयाल ने ये बात उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस की अध्यक्षता करते हुए ये बात कही। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान असंख्य लोगों ने बलिदान दिए। देश के महान नेताओं ने जीवन आजादी के लिए न्यौछावर कर दिया। असंख्य लोग जान हथेली पर रखकर देश को आजाद करने के लिए आगे आए। कई दशकों के लगातार संघर्ष के बाद आखिरकार देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली।
एसडीएम ने कहा कि आज का यह दिन महान स्वतंत्रता सेनानियों का याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि जिस आजादी का सपना लोगों ने देखा उसे संघर्षों के बाद पाया और हम इसे लेकर आगे बढ़ते रहे हैं। हमारे सामने तमाम चुनौतियां आईं और कई चुनौतियां आएंगी। इनसे लड़ने के लिए हमें लगातार प्रयास करने होंगे। हमें तमाम बुराइयों से लड़ते हुए अपनी आजादी को कायम रखना होगा ताकि हम एक देश के तौर उन्नति कर सकें। कार्यक्रम का आगाज मुख्यातिथी एसडीएम आनी कुलदीप पटयाल द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात पुलिस विभाग की टीम ने हेड कांस्टेबल अनूप राम की अगुआई में मुख्यातिथि को सलामी दी। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी की एनएसएस और सिक्योरिटी की टुकड़ी ने परेड कमांडर अशोक कुमार और सत महाजन की अगुआई में परेड का नेतृत्व किया। स्कूली छात्राओं परिधि शर्मा, रूचि, यामिनी शर्मा, अंकिता भारती ने इस दौरान अपनी प्रस्तुती दी। सीसीआरटी द्वारा सोलो सांग में पुरस्कार पाने वाली अंकिता भारती, मिनाक्षी ठाकुर और निहारिका को इस मौके पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीएसपी आनी रविंद्र नेगी, तहसीलदार आनी दिलीप शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्षा सरसा देवी, उपाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, पार्षद शशि मल्होत्रा, अनुपमा, होमेश्वरी जोशी, गुलाब ठाकुर, धर्मपाल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी ज्ञान भारती, प्रधानाचार्य अमर चौरान, जवाहर ठाकुर, एसएचओ चिंत राम सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
2021-08-15