भीम आर्मी ने जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार झीडी में धूमधाम से मनाया संविधान दिवस।

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ (परस राम भारती) बंजार।  भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश द्वारा रविवार को जिला कुल्लू और मण्डी के सीमा स्थल झिड़ी किसान भवन नेचर पार्क मैदान में धुमधाम से संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश भर से अनूसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्प संख्यक समुदाय के हजारों लोगों ने शिरकत की। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न सिंह इस कार्यकर्म में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश के प्रभारी हितेश माही द्वारा की गई। भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश के महासचिव रामलाल कुल्लुवी ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 नवंबर से लेकर 26 नवंबर तक देश व प्रदेश के कई स्थानों में भारतीय संविधान दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान 26 नवंबर तक अलग अलग स्थानों में संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इसी कड़ी में भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश द्वारा भी पहली बार मण्डी जिला के झिड़ी नामक स्थान पर रविवार को संविधान दिवस का आयोजन किया गया। इन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देश व प्रदेश भर से अनूसूचित जाति के अनेकों सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। इस अवसर पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष रविकुमार दलित, उपाधयक्ष बलवीर बल्ली, समता सैनिक दल के अध्यक्ष दिले राम, भीम आर्मी भारत एकता मिशन पंजाब और उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं कई अन्य गणमान्य व्यक्ति विषेष रूप से उपस्थित रहे।

भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न सिंह ने कहा कि भारत का संविधान भारत रतन डॉक्टर भीमराव अंबेडकर साहब तत्कालीन संविधान सभा प्रारूप समिति के अध्यक्ष द्वारा 29 अगस्त 1947 से 26 नवंबर 1949 तक करीब 2 साल की अल्पअवधि में तैयार किया गया था। 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा द्वारा इसे अंगीकार करके 26 जनवरी 1950 को देश भर में लागू किया गया। विनय रत्न सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान में प्रदत्त अधिकारों की वजह से ही हमारा दलित समाज आज प्रगति की ओर अग्रसर हो रहा है लेकिन कुछ मनुवादी ताकते संविधान को कमजोर करने के लिए षड्यंत्र और साजिश के तहत हमारे समाज के विरुद्ध सांप्रदायिक और जातीय भेदभाव का माहौल बना रहे हैं और हमारे मौलिक अधिकारों की अर्थी निकाली जा रही है। इन्होनें कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी अनूसूचित जाति समाज के लोगों पर शोषण और अत्याचार के मामले बढ रहे है। शोषित समाज पर अत्याचार और संविधान के साथ छेड़छाड़ कतई बर्दाश्त नहीं होगी।

इन्होनें कहा कि अब समय आ गया है कि दलित समाज को अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए एकजुटता से आवाज उठानी होगी। इन्होनें शासन प्रशासन को भी चेताया है कि यदि शोषित समाज के संवैधानिक अधिकारों का हनन नहीं रुकता है तो भीम आर्मी आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश की सड़कों में उतर जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न सिंह ने उपस्थित लोगों से आवाहन किया है कि इसके लिए हमें बाबा साहब के मूलमंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो, और संघर्ष करो की राह पर चल कर एक मंच पर एकजुट होना होगा। इन्होनें बताया कि हिमाचल प्रदेश भारत का 26वा राज्य है जहां पर भीम आर्मी ने अपना झंडा और डंडा बुलन्द किया है। तीर्थन घाटी बंजार और मण्डी क्षेत्र के स्थानीय महिला मंडलों द्वारा नाटी की प्रस्तुति इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। बाहरी राज्यों से आए अतिथियों ने हिमाचली संस्कृति नाटी की खूब प्रशंसा की है और नारी शक्ति की भारी संख्या में उपस्थिति की सराहना की है और साथ ही इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्रवंधक कमेटी आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *