सुरभि न्यूज़ (सी आर शर्मा) आनी। आनी से करीब 13 किलोमीटर दूर निमला-तिहनी-दलाश मार्ग पर सोमवार रात एक बोलेरो जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सड़क दुर्घटना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के अध्यक्ष विजय सिंह बौद्ध उर्फ बबलू ( 58 ) पुत्र स्वर्गीय बलबीर सिंह बौद्ध की मौत हो गयी है। वे आनी खण्ड की नमहोंग पंचायत के बराण्डी गांव के रहने वाले थे। डीएसपी आनी रविन्द्र सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विजय सिंह बौद्ध सुबह किसी काम से अपने घर से रामपुर गए थे और शाम को वापिस घर जा रहे थे कि निमला-तिहनी-दलाश मार्ग पर जीरो पॉइंट से करीब 500 मीटर दूर वे अचानक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठे और गाड़ी सड़क से करीब 50-60 मीटर नीचे जा लुढ़की। जिसकी जानकारी उनकी गाड़ी से कुछ पीछे चल रहे रवि परमार ने बेहना पंचायत के प्रधान विनोद ठाकुर को दी। जिन्होंने तुरंत लुहरी पुलिस चौकी सूचना दी और खुद स्थानीय युवकों के साथ मौके ओर पहुंच कर रवि परमार के साथ बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने गंभीर रूप से घायल और बेहोश विजय सिंह बौद्ध को गाड़ी में बिठाकर सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया , जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया ।
विधायक राकेश सिंघा ने जताया शोक
सड़क दुर्घटना में मारे गए विजय सिंह बौद्ध का मंगलवार को उनके पैतृक गांव में दाह संस्कार किया गया। उनके दाह संस्कार पर ठेयोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश सिंघा भी आये थे। उन्होंने विजय सिंह बौद्ध की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं आनी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के विधायक प्रत्याशी रह चुके परस राम, बीसीसी आनी के अध्यक्ष चन्द्रकेश शर्मा, युवा कांग्रेस आनी के अध्यक्ष अजित ठाकुर, भाजपा मंडल आनी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गंगा राम चंदेल, दलीप जोशी, फकीर चन्द वर्मा सहित सैकड़ों लोग भी दाह संस्कार में शामिल हुए और दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की ।