विकास कार्यों की समीक्षा बैठक- आनी विधानसभा क्षेत्र के विकास को तत्पर रहें अधिकारी-किशोरी लाल सागर

Listen to this article
सुरभि न्यूज़ आनी।  विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अधिकारी तत्पर रहें। विभिन्न विकास कार्यों को समय पर गति प्रदान करें और लंबित कार्यों पर तेजी लाएं। क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने ये बात बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों से कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आनी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में बीते साल जुलाई महीने में मुख्यमंत्री ने आनी विधानसभा क्षेत्र के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत 243 करोड़ रुपए की सौगात प्रदान की है। निरमंड में एसडीएम कार्यालय के साथ साथ, एसडीओ आईपीएच का शवाड में नया कार्यालय खोलने सहित दर्जनों सरकारी संस्थानों को स्तरोन्नत करने का कार्य भी मुख्यमंत्री के सक्षम दिशानिर्देशों के बाद संभव हो पाया है।
इस मौके पर उन्होंने आगामी दिनों में मुख्यमंत्री के आनी क्षेत्र के दौरे को लेकर भी अधिकारियों से फीडबैक लिया। आईपीएच, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं को लोकार्पण और शिलान्यास पर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे। उन्होंने एसडीएम आनी कुलदीप पट्याल को मामले पर विशेष दिशा निर्देश जारी किए। साथ ही विभिन्न योजनाओं की सूची तैयार करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आनी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी समय में भी वह विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। विधायक किशोरी लाल सागर ने अधिकारियों से अपील की कि आनी विधानसभा क्षेत्र की प्रगति के लिए संभव कदम उठाएं। इस मौके पर एसडीएम आनी कुलदीप पटयाल, भाजपा मंडलाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, डीएसपी रविंद्र नेगी, तहसीलदार आनी दिलीप कुमार, तहसीलदार निरमंड देवी सिंह कौशल सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *