ढालपुर मैदान में 21 मार्च से 10 दिवसीय कुल्लू कार्निवाल का मुख्यमंत्री  करेंगे शुभारंभ

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ कुल्लू। कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में पहली बार कुल्लू कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। कार्निवाल की पहल उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग की दूरगामी सोच है। कार्निवाल का उद्देश्य जिला की समृद्ध लोक संस्कृति तथा हस्तशिल्प व हथकरघा को प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। कार्निवाल के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आशुतोष गर्ग ने कहा कि कार्निवाल का आयोजन आगामी 21 मार्च से 30 मार्च तक किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि ढालपुर मैदान में बहुत बड़ा क्रॉफ्ट बाजार सजेगा। इसके लिये 100 से अधिक स्टॉलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न भागों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के हथकरघा व हस्तशिल्पों के प्रदर्शन व बिक्री के लिये उपयुक्त मंच प्रदान किया जाएगा। क्राफ्ट बाजार में देश के अन्य राज्यों से हस्त शिल्पों के स्टॉल लगाने के साथ जिला के विकास खंडों से चयनित 25 स्वयं सहायता समूहों को आमन्त्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्निवाल की पहली संध्या को फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। इसके लिये राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों के परिधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदेश व जिला के परिधानों को भी विशेष तौर पर प्रोत्साहित किया जाएगा। 9 मार्च को कुल्लू के अटल सदन में दोपहर एक बजे स्थानीय मॉडलज के चयन के लिये ऑडिशन होंगे। चयनित मॉडल को विजेता मॉडल को 10 हजार का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। कार्निवाल के दौरान विभिन्न जिलों के लोक सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां होंगी जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा। उपायुक्त ने जिला भाषा अधिकारी को प्रदेश के विभिन्न जिलों के श्रेष्ठ सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित करने को कहा है। प्रथम संध्या के दौरान 21 मार्च को कुल्लू सहित चार सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां होंगी। कार्निवाल के दौरान भाषा एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से अटल सदन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न लोक नृत्य, लोक गीत तथा लोक संगीत प्रस्तुतियां कार्निवाल में की जाएगी। कवियों तथा साहित्य प्रेमियों के लिए पहाड़ी कवि मुशायरा का आयोजन भी किया जाएगा। आशुतोष गर्ग ने कहा कि कार्निवाल के दौरान ढालपुर मैदान में स्थानीय तौर पर तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के 25 फूड कोर्ट भी स्थापित किए जाएंगे। जिला पर्यटटन विकास अधिकारी जिसके आवश्यक प्रबंध करेंगे।उन्होंने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले कार्निवाल का शुभारंभ 21 मार्च को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर करेंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, जिला के विधायकगण भी इस मौके पर अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्निवाल के उद्घाटन के उपरांत जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *