जिला कुल्लू के तीर्थन घाटी में स्कूली बच्चों की मैराथन दौड़ के साथं योगा सत्र से हुआ विश्व धरोहर उत्सव-2022 का आगाज

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ तीर्थन घाटी गुशैनी बंजार

परस राम भारती

जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी में विश्व धरोहर उत्सव-2022 का आगाज हो गया है। 20 जून से 26 जून तक मनाए जा रहे इस उत्सव के दौरान ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की तीर्थन रेंज शाईरोपा में सप्ताह भर अनेकों गतिविधियां और अन्य कार्यक्रम ऑनलाइन और ऑफलाइन तरीके से आयोजित किए जाएंगे। विश्व धरोहर स्थल ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क को वर्ष 2014 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर का दर्जा दिया गया था। हिमाचल प्रदेश राज्य में यह पार्क 700 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। हिमाचल प्रदेश और यहां के स्थानीय लोगों के लिए एक गर्व का विषय था। विश्व धरोहर का दर्जा मिलने से यहां पर पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और स्थानीय लोगों को घरद्वार पर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे है। इसी खुशी में पार्क प्रबंधन द्वारा विश्व धरोहर उत्सव को मनाया जा रहा है जिसमें स्थानीय लोगों के अलावा स्कुली बच्चे, महिला मंडल व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य और बाहरी राज्यों से आए पर्यटक भी हिस्सा लेंगे। तीर्थन रेंज कार्यालय शाईरोपा से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस उत्सव में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से अनेकों गतिविधियां आयोजित की जा रही है। 20 जून से ऑनलाइन प्रश्नोउतरी क्विज प्रतियोगिता शुरू हो चुकी है, इच्छुक प्रतिभागी जीएचएनपी की वेबसाईट पर हिस्सा ले सकते है। इस कार्यक्रम के दौरान ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के ईको जॉन में स्थित कुछ चयनित विद्यालयों के बच्चों के लिए पूरे सप्ताह भर मैराथन दौड़, योगा सत्र, पेंटिंग, स्लॉगन राइटिंग, ऐसे राइटिंग, नेचर वॉक, बर्ड्स वॉचिंग जैसी कई अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा स्थानीय महिला मंडलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। ईको जॉन में स्थित कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक पकवानों के स्टॉल लगाए जाएंगे। आज तीर्थन घाटी के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुशैनी से स्कूली छात्र छात्राओं के लिए एक मैराथन दौड़ प्रतियोगिता और योगा सत्र का आयोजन किया गया जिसमें गुशैनी स्कुल के करीब 80 बच्चों ने हिस्सा लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल ठाकुर ने केन्द्र बिन्दु गुशैनी में रीबन काटकर इस कार्यकर्म का आगाज किया और हरीझंडी दिखा कर प्रतिभागियों को रवाना किया। इसमें करीब 80 छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया। यह मैराथन दौड़ प्रतियोगिता गुशैनी से शाईरोपा तक पांच किलोमिटर में हुई। हालांकि इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा दोनों ओर से यातायात को करीब आधा घंटा के लिए रोक दिया था। इस प्रतियोगिता में छात्र वर्ग से गुशैनी स्कूल के दिनेश प्रथम, योग राज द्वितीय, सुरेश तृतीय स्थान पर रहे तथा छात्रा वर्ग से रीटा प्रथम, गुंजन द्वितीय और मनीषा ठाकुर तृतीय स्थान पर रही। इन्हें इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुरस्कार दिए जाएंगे।

इस दौरान मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के उपरांत शाई रोपा में स्कूली छात्र छात्राओं के लिए विश्व योग दिवस के अवसर पर योगा सत्र का आयोजन किया गया। तीर्थन घाटी के योगा प्रशिक्षक नीरज ठाकुर ने बच्चों को योग आसन का महत्व और उपयोगिता बताकर कई प्रकार के आसनों का अभ्यास भी करवाया। नीरज ठाकुर का ने बताया कि हर व्यक्ति को अपना तन और मन स्वस्थ रखने के लिए योग करना जरूरी है। इन्होंने कहा कि विश्व में योग ही एकमात्र ऐसा साधन है जिसमें बिना किसी औषधि के कई असाध्य रोगों को ठीक करने की क्षमता है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के वन मण्डल अधिकारी निशांत मंढोत्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जीएचएनपी की समृद्ध यूनेस्को विरासत को संजोए रखना है जिसके लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना जरुरी है ताकि इस धरोहर का सरंक्षण एवं संवर्द्धन हो सके। इन्होंने बताया कि जीएचएनपी प्रबंधन ने इस कार्यक्रम में देशभर के वक्ताओं को शामिल किया है जो हिमालयी जैव विविधता के संबंधित विषयों पर गहन मंथन करेंगे। इसके अलावा हिमालय में विश्व धरोहर स्थलों का प्रवंधन, वन्य जीव अपराध और जांच तथा अन्य कई ज्वलंत पहलुओं पर चर्चा परिचर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *