सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
सामाजिक न्याय एव्ं अधिकारिता विभाग आनी द्वारा शानिवार को अतंर्राष्ट्रीय महिला दिवस ग्राम पंचायत बैहना के बैहना गाँव में बड़ी धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम में तहसीलदार आनी भीम सिंह नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम संयोजक सीडीपीओ ईन्द्र सिंह गर्ग ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के साथ ग्राम पंचायत बैहना के प्रधान विनोद कुमार ठाकुर, पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी के वाइस प्रिंसिपल श्यामानंद, टीजीटी शास्त्री आशा ठाकुर तथा स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मनसा राम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
सीडीपीओ इंद्र सिंह गर्ग ने मुख्यातिथि सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को बैच व मफलर पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। उन्होंने इस मौके पर विभाग द्वारा शिशु, किशोरियों तथा महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सायिकाओं के अलावा आशा वर्कर तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने एकल गान, समूहगान. भाषण तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति से कार्यक्रम में खूब समा बाँधा। वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित लघु नाटिका ने खूब वाहवाही लूटते हुए समाज को बेटी बचाने और महिलाओं के सम्मान का संदेश दिया।
वहीं कार्यक्रम के मुख्यातिथि तहसीलदार भीम सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में पुरुष के समान अग्रिम पंक्ति में खड़ी नजर आती है। जबकि आज शिक्षा, सांइस एव्ं टेक्नोलॉजी, सरकारी क्षेत्र, राजनीति, स्पेस सहित अन्य क्षेत्र में महिलाएं अपना नाम कमा रही हैं। जबकि वे परिवार की जिम्मेवारियों के साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़चढ़कर भाग ले रही हैं।
तहसीलदार ने कहा कि अभी भी लिंगभेद को तोड़ने के लिए हमें और प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं के प्रति सामाजिक कुरीतियों का डटकर विरोध करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यदि एक महिला शिक्षित होती है तो एक पूरी पीढ़ी शिक्षित होती है। उन्होंने इस मौके पर महिलाओं को महिला दिवस की बधाई दी
इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों को आईसीडीएस विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर पर विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, ग्राम पंचायत बैहना के समस्त वार्ड मेंबर, बाल विकास परियोजना आनी के विभिन्न वृतों से आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका, स्वयं सहायता समूह तथा ग्राम पंचायत बैहना की महिलाएं व अन्य लोग मौजूद रहे।