आनी उपमंडल के थरूट गांव में भूस्खलन के डर से पांच परिवारों ने खाली किये मकान

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

सी आर शर्मा, आनी

आनी खण्ड की कोहिला पंचायत के थरुट गांव पर भूस्खलन का खतरा मंडरा गया है। गांव के 5 परिवारों के 24 सदस्यों ने अपने घर खाली कर दिए हैं। वे अब साथ लगती बुछैर पंचायत के जाओं गांव में  अपने दोघरे और अपने रिश्तेदारों के घरों में रहने को मजबूर हैं।

मिली जानकारी के अनुसार थरुट गांव में सुबह के समय अचानक पहाड़ी पर से मलबा आ गया, जो ठाकुर दास, जोगेंद्र कुमार, बुध राम, चन्द्र कुमार और नोरु राम की जमीन पर जा गिरा। वहीं मलबे से उपरोक्त लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

जबकि ठाकुर दास के करीब 15 पालतू मुर्गे भी मलबे में दब कर मर गए हैं और गांव के आगे की जमीन भी खिसकने लगी है। प्रभावित परिवारों की मदद को साथ के गांव के लोग आए और उन्होंने मिलकर प्रभावितों का सामान निकाल कर जाओं गांव पहुंचाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने एसडीएम आनी नरेश वर्मा को सूचित कर दिया है, जिन्होंने तुरंत सम्बंधित हल्के के पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कोहिला पंचायत की प्रधान अनीता देवी को भी हर सम्भव मदद करने की हिदायत दी है।

वहीं कोहिला पंचायत प्रधान अनीता का कहना है कि ग्रामीणों का नुकसान हुआ है जिनकी मदद को लेकर हरसंभव प्रयास किये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *