विद्यार्थियों को नशे के प्रति किया जागरूक, प्रदेश सरकार की हिम समाचार एप्प की जानकारी की साझा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

जोगिन्दर नगर, 19 फरवरी

सूचना एवं जन संपर्क विभाग के जोगिन्दर नगर स्थित सहायक लोक संपर्क अधिकारी (ए.पी.आर.ओ.) कार्यालय के माध्यम से आज मां दुर्गा नर्सिंग कॉलेज जोगिन्दर नगर में प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जहां विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तो वहीं इस बारे व्यापक जन जागरूकता लाने का भी आह्वान किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार की हिम समाचार एप्प बारे जानकारी भी साझा की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सविता ने की।

सहायक लोक संपर्क अधिकारी जोगिन्दर नगर राजेश जसवाल ने बताया कि मां दुर्गा नर्सिंग कॉलेज जोगिन्दर नगर स्थित अपरोच रोड (शानन) में आज सूचना एवं जन संपर्क विभाग के माध्यम से कॉलेज विद्यार्थियों को प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

जिसमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, डॉक्टर वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, शगुन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी शामिल है।

राजेश जसवाल ने बताया कि इस दौरान समाज में फैले विभिन्न तरह के नशों बारे भी जानकारी को साझा किया गया। विद्यार्थियों से जहां नशे जैसी इस सामाजिक बुराई से बचने तो वहीं समाज के दूसरे लोगों को भी जागरूक करने पर बल दिया।

उन्होंने बताया कि नशा एक ऐसा धीमा जहर है जो न केवल व्यक्ति को मानसिक व शारीरिक तौर पर अक्षम बनाता है बल्कि व्यक्ति व परिवार को आर्थिक तौर पर नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ भविष्य निर्माण में भी बाधक का काम करता है। इस बीच कॉलेज विद्यार्थियों से स्वयं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखते हुए समाज में व्यापक जन जागरूकता लाने का भी आह्वान किया।

इस दौरान प्रदेश सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदान करने के लिए चलाई जा रही हिम समाचार एप्प की भी जानकारी को साझा किया। इस एप्प के माध्यम से जहां प्रतिदिन प्रदेश सरकार की विभिन्न गतिविधियों एवं निर्णयों की जानकारी उपलब्ध रहती है तो वहीं विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी भी हासिल की जा सकती है। उन्होंने कॉलेज विद्यार्थियों से हिम समाचार एप्प को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड करने का भी आग्रह किया। इस मौके पर कॉलेज विद्यार्थियों सहित के प्राध्यापक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *