सुरभि न्यूज़
कुल्लू
शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बस अड्डा कुल्लू में एचआरटीसी द्वारा आयोजित नारी को नमन समारोह में शिरकत कि। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लगभग आधी आबादी महिलाओं की है। मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के लिये एचआरटीसी की बसों में आज आधी रात से किराये में 50 प्रतिशत की छुट प्रदान करना एक ऐतिहासिक निर्णय है। गौरतलब है कि नारी को नमन समारोह का सीधा प्रसारण धर्मशाला ने प्रदेश के सभी जिलों में किया गया और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के संदेश को बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने सुना। गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिये अनेक ऐसी योजनाएं चलाई हैं जिनका लाभ प्रत्येक महिला को मिल रहा है। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, बेटी है अनमोल योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना या फिर स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक प्रकार की योजनाएं हैं जो महिलाओं को संबल बना रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायती राज संस्थानों व स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत का आरक्षण भाजपा की सरकार ने हिमाचल प्रदेश में सबसे पहले दिया और आज इन संस्थानों में महिलाओं की भागीदारी 60 फीसदी तक पहुंच चुकी हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय राज्य में गांव की अधिकांश महिलाएं बसों में ही यात्रा करती हैं और बस किराये में 50 फीसदी की छूट से उनकी आर्थिकी को बड़ी राहत मिलेगी। इसमें महिलाएं रसोई का खर्च और खुलेपन से कर सकेंगी। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा कुल्लू के बवेली की महिला ख्यालु देवी से संवाद करने से पूर्व गोविंद ठाकुर ने मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक निर्णय के लिये उनका आभार जताया और कहा कि नारी शक्ति के सम्मान के लिये मुख्यमंत्री ने अनेक ऐसी नवीन योजनाओं को धरातल पर उतारा है जिनका लाभ सभी महिलाओं को मिल रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक डी.के. नारंग ने स्वागत किया और जिला में बसों में महिलाओं को सुविधाजनक यात्रा प्रदान करने के बारे में जानकारी सांझा की।