सुरभि न्यूज़ डेस्क
मोहल, कुल्लू
गुंजन संस्था एवं नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र मोहल में नौजवानो एवं अभिभावकों के लिए नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जिसमें अभिभावकों को नशे के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई। नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र की वरिष्ठ काउंसलर दिव्या वर्मा ने अभिभावकों को जहां नशे की तरफ नौजवानों के झुकाव के कारणों के बारे में बताया। वहीं उन्होंने अभिभावकों को इस स्थिति से निपटने के लिए क्या कार्य करने की आवश्यकता है उसके बारे में भी विस्तार से बताया।

जागरूकता शिविर में भारत सरकार द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान को घर घर ले जाने के लिए अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का भी संकल्प लिया गया।
शिविर में नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र के परियोजना निदेशक संदीप मिन्हास ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में अभिभावकों को जानकारी दी।
उन्होंने अभिभावकों के नशे को लेकर विभिन्न प्रश्नों का समाधान भी किया तथा नशे की बीमारी और उसके इलाज के बारे में आज समाज में क्या-क्या भ्रांतियां है उनके बारे में विस्तार से चर्चा की।
अभिभावकों के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि नशे की बीमारी का इलाज संभव है हिमाचल में सैकड़ों नौजवान अपना इलाज करवा कर बेहतर जीवन व्यतीत कर रहे हैं।








