आनी की जनता ने नहीं बदला रिवाज, आनी में 8 बार कांग्रेस और 5 बार जीती भाजपा

Listen to this article
सुरभि न्यूज़ 
सी आर शर्मा, आनी 
आनी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में चुनावों में जहां कई रिवाज बदले हैं वहीं यहां की जनता ने एक रिवाज अब तक कायम रखा  है जोकि चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के बजाए केवल राष्ट्रीय पार्टी भाजपा या कांग्रेस पर ही भरोसा जताया है।
आनी विधानसभा क्षेत्र के अब तक के 13 चुनावों में 8 बार कांग्रेस और 5 बार भाजपा की जीत हुई है जबकि हर बार निर्दलीय को शुरू में समर्थन मिलने के बाद बाद में करारी हार का सामना करना पड़ा है। आनी में कांग्रेस ने वर्ष 1967, 1972, 1977, 1985, 1994, 1998, 2003 और 2012 में जीत हासिल की है जबकि भाजपा ने 1982, 1990, 2007, 2017 और अब 2022 में चुनाव जीता है।
आनी में 2022 के चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशी परस राम का पलड़ा भारी बताया जा रहा था और इस बार के आम चुनाबों में टिकटों के आवंटन के बाद भाजपा और कांग्रेस के बागी प्रत्याशियों ने ताल ठोंक दी थी और शुरू से मतगणना वाले दिन तक कांग्रेस के बागी परस राम और उनके समर्थकों समेत क्षेत्र में चर्चा थी कि इस बार रिवाज बदलेगा और निर्दलीय परस राम चुनाव जीत जाएंगे।
जबकि सिटिंग विधायक किशोरी लाल और उनके समर्थकों का दावा था कि वे 10 हजार से 14 हजार तक वोट हासिल करेंगे। लेकिन 2022 के नतीजों ने एक बार फिर साफ कर दिया कि इस विधानसभा चुनाव में भी जनता ने आजाद उम्मीदवार पर भरोसा नहीं जताया। हालांकि ऐसा भी  पहली बार हुआ है जब एक निर्दलीय उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहा है और कांग्रेस तीसरे पर।
रिवाज बदला और भाजपा ने पहली बार लगातार जीत की दर्ज
आनी की जनता ने रिवाज बदलते हुए आनी में भाजपा को पहली बार ऐसा मौका दिया जब वह लगातार दो बार चुनाव जीत सकी हैऔर इस बार भाजपा ने सिटिंग विधायक किशोरी लाल सागर का एन्टी इनकम्बेंसी फैक्टर के चलते टिकट काटते हुए 34 वर्षीय लोकेन्द्र कुमार को टिकट देते हुए यह जीत हासिल की है।
आनी की जनता ने रिवाज बदलते हुए पहली बार निरमण्ड के बजाए आनी खण्ड से विधायक चुनकर भेजा है और लोकेन्द्र कुमार ने 6773 मतों से जीत हासिल कर भाजपा की आनी विधानसभा क्षेत्र की अब तक की सबसे ज्यादा मतों से जीत हासिल की है जबकि इससे पहले भी भाजपा ने 1977, 1994, 1998 और 2003 में भी आनी खण्ड से प्रत्याशी मैदान में उतारा था पार्टी को हर बार हार का सामना करना पड़ा।
जिसके बाद 2007 में भाजपा ने निरमण्ड खण्ड से किशोरी लाल सागर को आजमाया था जो 2007 और 2017 में चुनाव जीते लेकिन 2012 में उन्हें निरमण्ड खण्ड के ही कांग्रेस के प्रत्याशी खूब राम आनन्द से  हार का सामना करना पड़ा था जबकि 2017 में कांग्रेस ने भी आनी खण्ड के परस राम को टिकट दिया था जोकि गुटबाजी से भाजपा प्रत्याशी  किशोरी लाल सागर से हार गए थे जबकि इस बार आनी के लोकेन्द्र कुमार ने यह रिवाज बदल दिया है।
आनी विधानसभा क्षेत्र में कौन कब कब जीता :- 
1967 : ईश्वर दास कांग्रेस
1972 : ईश्वर दास  कांग्रेस
1977 : ईश्वर दास कांग्रेस
1982 : खूब राम भाजपा
1985 : ईश्वर दास कांग्रेस
1990 : खूब राम भाजपा
1994 – ईश्वर दास कांग्रेस
1998 – ईश्वर दास कांग्रेस
2003 – ईश्वर दास कांग्रेस
2007 : किशोरी लाल सागर भाजपा
2012  : खूब राम आनन्द कांग्रेस
2017 : किशोरी लाल सागर भाजपा
2022 : लोकेन्द्र कुमार भाजपा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *