तीर्थन घाटी के पर्यावरण को संवारने में जुटी सरस्वती महिला मण्डल फरयाडी की महिलाएं

इस खबर को सुनें

सुरभि न्यूज़(परस राम भारती)गुशैनी बंजार। राज्य सरकार द्धारा आजकल प्रदेश भर में स्वच्छ हिमाचल-स्वस्थ हिमाचल अभियान 2021 का आयोजन किया जा रहा है। यह आभियान 9 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक समूचे प्रदेश में चलाया जाएगा। सरकार द्धारा चलाए जा रहे इस अभियान को सफल बनाने के लिए उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के कुछ गैर सरकारी संगठन, स्वयं सहायता समूह, युवक मंडल और महिला मंडलों की सदस्य पर्यावरण को प्रदुषण मुक्त रखने में अपना अपना योगदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत तुंग से सरस्वती महिला मण्डल गांव फरयाडी की महिलाओं ने भी अपने गांव को साफ सुथरा और कचरा मुक्त बनाने के लिए सफाई अभियान छेड़ रखा है। यह महिला मण्डल पिछले दो दिनों से लगातार अपने गांव और आस पड़ोस में झाड़ियां काटने और कूड़ा कचरा एकत्रित करने में जुटा हुआ है। महिला मण्डल की सदस्यों ने फरयाडी गांव में रास्ते के आसपास उगी हुई झाड़ियों, नालियों, रास्तों और अपने आसपड़ोस से कूड़े कचरे, प्लास्टिक रैपर आदि को एकत्रित करने के लिए सफाई अभियान छेड़ कर गांव को एकदम चक्का चौंध कर दिया है। पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता शहर से घूमने आई हुई महिला पर्यटक अमृता मंडल भी यहां के प्राकृतिक सौन्दर्य को देखकर बेहद रोमांचित हुई। अमृता मंडल पेशे से एक रसायन विज्ञान की अध्यापक और पहाड़ों व प्रकृति से बहुत लगाव रखती है। यह ज्यादातर अकेले ही घूमना पसन्द करती है और अब तक कई पर्वतीय इलाकों का भ्रमण कर चुकी है। इन्होंने कहा कि पहाड़ों की सुन्दरता को बनाए रखने के लिए तीर्थन घाटी की महिलाओं द्वार किया जा रहा प्रयास बहुत ही सराहनीय है। अगर महिलाएं जागरूक होंगी तो बच्चे और समाज भी जागरूक होगा। इन्होंने सरस्वती महिला मंडल की हौंसला अफजाई करते हुए इनके साथ कूड़ा कचरा एकत्रित करने में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अमृता मंडल ने बताया कि प्लास्टिक, रैपर और थर्माकोल आदि कचरा वातावरण को दूषित करने वाले प्रमुख स्रोत हैं। इन्होंने यहां पर घूमने आने वाले पर्यटकों को भी सन्देश दिया है कि तीर्थन घाटी की यात्रा के दौरान प्लास्टिक रैपर और थर्माकोल बोतलें आदि न इधर उधर न फेंके बल्कि हो सके तो ये सब अपने साथ ही वापिस ले जाएं। सरस्वती महिला मंडल फरयाडी की प्रधान नीता देवी ने बताया कि पिछले दो दिनों से इनके महिला मंडल की सभी सदस्य गांव के आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुन्दर बनाने में जुटी हुई है। इस दौरान इन्होंने फरयाडी गांव के रास्तों, नालियों और आसपड़ोस की सफाई की है तथा आसपास बिखरे पड़े प्लास्टिक कचरे, रैपर आदि को एकत्रित कर रहे हैं। इन्होंने बताया कि फरयाडी गांव में गंदगी नहीं पड़ने देंगे और इनका महिला मंडल समय समय पर इस तरह के सफाई और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस आभियान में सरस्वती महिला मंडल फरयाडी की प्रधान अनीता देवी, उप प्रधान चंद्रकला, सचिव दविंद्रा देवी, सदस्य पुष्पा देवी, निशा देवी, उषा देवी, लीला मीना कुमारी नीला देवी मीना देवी बबली देवी, विद्या देवी, आशा देवी, भीमा देवी, प्रेमी देवी और कल्लू देवी ने मुख्य रूप से हिस्सा ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *