सुरभि न्यूज़ ब्यूरो
बंजार/कुल्लू
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह जगह भूस्खलन होने से जनता आपदा का सामना कर रही है। सरकार इस प्राकृतिक आपदा को चुनौती की तरह स्वीकार कर इससे निपटने हेतु त्वरित कार्रवाई कर जान माल को बचाने की हर संभव कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री रेस्क्यू ऑपरेशन की स्वयम निगरानी कर रहे हैं तथा राहत एवं पुनर्वास कमेटियों का गठन कर व्यवस्था और फौरी राहत प्रभावितों को दी जा रही है। सरकार के तमाम नुमाइंदे अपने अपने क्षेत्रों में जनता के साथ खड़े होकर सहायता को तत्पर हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता इंदु पटियाल ने एक पत्रकारवार्ता में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके सहयोगी इस विकट घड़ी में राजनीति कर रहे हैं और स्पेशल सेशन की मांग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लोग अपने घरों व परिजनों को खोकर सदमे में हैं। सड़कें, पुल और गांव, शहर ध्वस्त हो रहे हैं। सरकार, पुलिस और प्रशासन स्थिति को संभालने में दिन रात मेहनत कर रहे हैं।
यह अति खेदजनक है कि पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता ऐसे में सहयोग करने की अपेक्षा प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं, जनता को उकसा रहे हैं और अधिकारियों को लताड़ लगाई जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता इंदु पटियाल ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने इस आपदा में कांग्रेस सरकार व मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बेहतर प्रबंधन और उच्च स्तरीय प्रयासों की सराहना की है।
जब बात प्रदेश पर प्राकृतिक आपदा की है तो आपसी सभी भेद भाव मिटा कर पक्ष, विपक्ष को मिलकर काम करना चाहिए। इस त्रासदी से उबरने में जरूर समय लगेगा।
हमें सबक लेना होगा कि अवैध खनन, अवैध कटान, कंक्रीट के जंगल बने गांव/शहर, नदी तटों और सड़कों की डंपिंग पर अवैध निर्माण से सभी विनास कि और जा रहे है।
हिमाचल प्रदेश को पर्यटन राज्य बनाने हेतु सख्त नियम कानून लागू होने चाहिए ताकि देवभूमि की मान मर्यादा बनी रहे।