Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 12 फरवरी
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC), कुल्लू द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से विभिन्न पंचायतों में दिव्यांगता पुनर्वास मूल्यांकन शिविरों (Disability Rehabilitation Assessment Camps) का आयोजन किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी (DDRC) जयवंती ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि ये शिविर दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को ग्राम पंचायत कोठी सारी और बस्तोरी के लिए बेखली माता मंदिर हॉल में सुबह 11:00 बजे से तथा 24 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत डु घिलग और मझाट के लिए पंचायत घर डुघिलग में सुबह 10:00 बजे से शिविर आयोजित होगा।
इन शिविरों में स्पीच थेरापिस्ट, ऑडियोलॉजिस्ट, स्पेशल एजुकेटर और पी एंड ओ (P&O) तकनीशियन उपस्थित रहेंगे। शिविर के दौरान दिव्यांग व्यक्तियों की पुनर्वास संबंधी आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। उन दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान करना जिनके पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र या UDID कार्ड नहीं है, और उन्हें इसे बनवाने में सहायता की जाएगी। विकासात्मक विलंब (Developmental delays) वाले बच्चों की पहचान तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की पहचान की जाएगी जिन्हें चलने-फिरने या सुनने में कठिनाई है, ताकि उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए जा सकें।
इसके साथ ही दिव्यांगता की रोकथाम और शीघ्र पहचान के बारे में जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन शिविरों में पहुँचाना सुनिश्चित करें ताकि जनता को इन सेवाओं का लाभ मिल सके।










