सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
जिला कांगड़ा के छोटा भंगाल में स्थित मुल्थान तहसील में नायब तहसीलदार, कानूनगो व अन्य कर्मचारियों के पद रिक्त चले हुए है। जिस कारण छोटाभंगाल घाटी के लोगों को राजस्व कार्य करवाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुल्थान तहसील को अभी तक भी अपना भवन भी नसीब नहीं हो पाया है जबकि तहसील कार्यालय कानूनगो हट में संचालित की जा रहा है।
पंचायत प्रतिनिधियों सहित छोटाभंगाल घाटी के समस्त लोगों ने प्रदेश सरकार से स्टाफ की तैनाती की मांग की है। तहसील मुल्थान में अगर एक सप्ताह के अंदर खाली पदों को नहीं भरा गया तो लोग प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
धरमान पंचायत की प्रधान रेखा देवी, पूर्व प्रधान संजय ठाकुर, बड़ा ग्रां पंचायत की प्रधान चंद्रमणी, पूर्व प्रधान मंगत राम, लोआई पंचायत के उप प्रधान तिलक ठाकुर, पोलिग पंचायत के पूर्व प्रधान रूपचंद आदि ने बताया कि वर्ष 2004 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने आठ पंचायतों के लोगों की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए उप तहसील तथा 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने इसका दर्जा बढ़ाकर तहसील किया है। 8850 की आबादी वाली छोटाभंगाल घाटी की सात पंचायतों में 36 गांव व 49 राजस्व मुहाल सहित 11 पटवार सर्किल हैं।
दो वर्षों से नायब तहसीलदार का स्थानातंरण होने से यह पद रिक्त चला है। कार्यालय कानूनगो का एक, क्षेत्रीय कानूनगो के दो पद, क्षेत्रीय कानूनगो चपरासी के दो पद, तहसील कार्यालय चपरासी के दो, अधीक्षक तथा पटवार सर्किल धरमाण -2 में पटवारी का एक पद रिक्त चला हुआ है। उन्होंने स्थानीय विधायक किशोरी लाल से मांग की है कि यहां के लोगों की बेहतर सुविधा के लिए मुल्थान तहसील में खाली पड़े विभिन्न पदों को तुरंत भरा जाए।