सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
द्रंग विधानसभा क्षेत्र से जुड़े प्रसिद्ध समाजसेवी उदया नंद शर्मा ने मेरा वन मेरा मन अभियान की शुरुआत की है। शर्मा ने बताया कि जब तक हम प्रकृति के साथ मन से नहीं जुड़ते, तब तक हम प्रकृति को कुछ नहीं लौटा सकते। प्रकृति ने हमें सब कुछ दिया है लेकिन मानव ने प्रकृति को कुछ नहीं लौटाया है। जिससे वर्तमान संकट उत्पन्न हुए हैं।
शर्मा का मानना है कि इसके लिए मानव स्वयं जिम्मेदार है। हमें अपनी सोच बदलनी होगी और इस मुद्दे को हल करने के लिए आगे आना होगा। शर्मा ने ग्राम पंचायत नवलया के गाँव निशु और ढुकी के बीच डूंगर क्षेत्र में स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों के साथ पौधारोपण करके इस अभियान की शुरुआत की।
इस अभियान का उद्देश्य एक महीने में 5000 पेड़ लगाना है, जिसका लक्ष्य प्रकृति को कुछ वापस देना है। शर्मा ने हिमाचल सरकार, समाजसेवियों, युवक मंडलों और महिला मंडलों से हाथ मिलाकर इस अभियान का समर्थन करने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि उदयानंद शर्मा, जो पेशे से अधिवक्ता है उन्होंने अपनी जिंदगी के सफर में सबसे पहले नशे के खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए हर गाँव दस्तक अभियान चलाया था और अब मेरा वन मेरा मन अभियान के साथ शर्मा का उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जोड़ना और एक बेहतर भविष्य की दिशा में काम करना है।
इस अवसर पर स्थानीय वन बीट के वन रक्षक, वन मित्र और स्थानीय महिलाओं, स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।