सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
हिमाचल प्रदेश का मंडी ज़िला और विशेषकर सराज विधानसभा क्षेत्र इन दिनों एक गहरी प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। भूस्खलन, भारी वर्षा और जनहानि जैसी त्रासदी सराज के अनेक क्षेत्रों में कहर बरपा रही हैं।
भाजपा के प्रदेश युवा मोर्चा के प्रवक्ता चन्दन पंडित ने कहा कि ऐसे कठिन समय में जब सारा प्रदेश एकजुट होकर राहत व पुनर्वास के कार्यों में जुटा हुआ है। वहीं दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आपदा को भी एक राजनीतिक अवसर में बदलने का प्रयास किया है। उनका यह बयान कि “जूते में चुभन हुई तो दर्द महसूस हुआ” न केवल असंवेदनशील है बल्कि सराज क्षेत्र की पीड़ित जनता का अपमान है। जगत सिंह नेगी का पूर्व मुख्यमंत्री और सराज क्षेत्र के वर्तमान विधायक जयराम ठाकुर पर इस प्रकार का कटाक्ष करना यह सिद्ध करता है कि उनमें न तो संवेदना है और न ही वह राजनीतिक ऊँचाई है।जहाँ से वे ऐसे जननेता पर टिप्पणी कर सकें।
चन्दन पंडित ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को अवगत करवाना चाह कि जयराम ठाकुर वह नेता हैं जो आपदा की प्रथम सूचना मिलते ही सबसे पहले ज़मीन पर पहुँचे हैं। पैदल चलकर प्रभावित गाँवों तक पहुँच कर प्रशासन व जनता के बीच सेतु बने। एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका यह कर्तव्यपरायण आचरण उस समय और अधिक प्रशंसनीय बन जाता है जब प्रदेश सरकार के मंत्री केवल ब्यानबाजी तक सीमित रह गए हों। जगत सिंह नेगी को यह नहीं भूलना चाहिए कि संकट की इस घड़ी में जनता को राहत, सहयोग और संवेदना चाहिए न कि सत्ता में बैठे मंत्रियों के व्यंग्यबाण।
भाजपा युवा मोर्चा स्पष्ट शब्दों में कहता है कि आपदा के समय में राजनीति करना कायरता है और जो नेता ऐसा कर रहे हैं वे स्वयं संकट से भी बड़े संकट हैं। अगर वर्तमान मंत्री सच्चाई मे ही अपने दायित्व के प्रति सजग होते तो राहत कार्यों की निगरानी अवश्य करते न कि प्रेस कांफ्रेंसों में बैठे – बैठे दूसरों के चरित्रहनन में लगे होते। हिमाचल प्रदेश की जनता जयराम ठाकुर जैसे जननेताओं की गरिमा को समझती है और समय आने पर ऐसे संकीर्ण मानसिकता वाले नेताओं को लोकतांत्रिक जवाब भी देना जानती है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी अपेक्षा है कि वे अपने मंत्री मंडल के सदस्यों को संयमित भाषा और ज़िम्मेदार व्यवहार की सीख दें ताकि राज्य की जनता यह महसूस कर सके कि उनकी चुनी हुई सरकार विपदा की घड़ी में उनके साथ खड़ी है न कि सिर्फ़ राजनीतिक ब्यान देने में व्यस्त है। भारतीय जनता युवा मोर्चा आपदा में प्रभावित सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश युवा मोर्चा का स्पष्ट मत है कि यह समय राजनीति का नहीं बल्कि आपदा से पीड़ित लोगों की सेवा और संवेदनशीलता का है और जो मंत्री इस बुनियादी समझ से भी वंचित हैं। उन्हें अपने पद पर बने रहने के कोई भी अधिकार नहीं हैं।
मुख्यमंत्री अपने मंत्री मंडल के सदस्यों को संयमित भाषा और ज़िम्मेदार व्यवहार की सीख दें – चन्दन पंडित