सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, नगवाईं
भारत सरकार द्वारा चारों श्रम संहिताओं (Labour Codes) को 21 नवंबर 2025 से लागू किए जाने की अधिसूचना जारी किए जाने के उपरांत, एनएचपीसी पार्बती जलविद्युत परियोजना चरण – ।। के मनिकरण और बरशैणी स्थित डैम साइट, पावर हाउस परिसर सैंज तथा प्रशासनिक कार्यालय परिसर नगवाईं में कार्यरत अनुबंधित श्रमिकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में अभी तक 5 जागरूकता सत्र आयोजित किए जा चुके है।
इन सत्रों का उद्देश्य श्रमिकों को नई श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराना तथा यह समझाना है कि ये बदलाव कार्यस्थल के बेहतर प्रथाओं, पारदर्शिता, सुविधा तथा सुरक्षा को कैसे मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को चारों श्रम संहिताओं मजदूरी संहिता (Code on Wages), औद्योगिक संबंध संहिता (Industrial Relations Code), सामाजिक सुरक्षा संहिता (Social Security Code) तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता (Occupational Safety, Health & Working Conditions Code) के प्रमुख प्रावधान विस्तार से समझाए गए।
मणिकर्ण तथा बरशैणी में 1 व 2 दिसंबर को आयोजित किए गए सत्रों में परियोजना के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अरविंद कौशिक ने श्रमिकों के लिए मिलने वाले कई लाभों पर विशेष प्रकाश डाला। जिनमें सरल अनुपालन प्रक्रियाएँ, समय पर वेतन भुगतान, सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा उपाय तथा कार्यस्थल पर बेहतर सुरक्षा मानक शामिल थे।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि नई श्रम संहिताएँ श्रमिकों के अधिकारों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ एक अधिक दक्ष और व्यवसाय-अनुकूल वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं।
उन्होनें संविदा कार्मिकों से इन श्रम संहिताओं के बारे में अन्य श्रमिकों से भी जानकारी साझा करने की अपील की। इस अवसर पर राजीव अनुज शर्मा, महाप्रबंधक (सिविल) बांध परिसर भी उपस्थित रहे।









