सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
भारतीय डाक विभाग के मंडी डाक मंडल मंडी की ओर से 02 दिसम्बर को बचत भवन कुल्लू में MPKBY/SAS एजेंटों की बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता संजय कुमार, अधीक्षक डाकघर मंडी ने की।
अधीक्षक डाकघर मंडी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में मुख्य डाकघर कुल्लू, अखाड़ा बाज़ार, सुल्तानपुर, भुट्टी तथा शमशी उपडाकघर से जुड़े लगभग 100 से अधिक एजेंटों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान डाक विभाग के व्यवसाय में वृद्धि, विशेषकर विभिन्न डाक बचत योजनाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।
एजेंटों को सभी प्रकार की बचत योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक खाते खोलने, ग्रामीण एवं शहरी ग्राहकों तक योजनाओं का प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।
सभी एजेंटों को सामाजिक सुरक्षा से संबंधित बचत योजनाओं को अधिक से अधिक जनता तक पहुँचाकर विभाग के व्यवसाय में गुणात्मक सुधार करने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में सहायक अधीक्षक ईश्वर दास, सहायक निरीक्षक रोहन कुमार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।














