भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज में समानता व समरसता लाने के लिए समर्पित किया-गोविंद ठाकुर।

इस खबर को सुनें

सुरभि न्यूज़ कुल्लू।  भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज में समानता व समरसता लाने के लिए समर्पित किया। वह एक महान शिक्षाविद, राजनीतिज्ञ विधिवेत्ता व अर्थशास्त्री थे। यह बात शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने आज मनाली विधानसभा के बैंची में बाबासाहेब अंबेडकर की 130वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा सैकड़ों वर्षों तक कुरीतियों की बेड़ियों में जकड़े देश में जात पात का बड़ा बोलबाला था। असमानता और समरसता का समाज में अभाव था, उन्होंने न सिर्फ ऊंच नीच को खिलाफ आवाज बुलंद की बल्कि वह समाज के हाशिए पर धकेले गए लोगों की उम्मीद बनकर भी उभरे।

उन्होंने कहा डॉ. भीमराव को भारत के संविधान निर्माण की प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाया गया और उन्होंने सबसे पहला काम गरीबों मजदूरों व दलितों को समाज में बराबरी का दर्जा प्रदान करने के लिए किया। उनका मानना था कि कोई भी समाज तब तक उन्नत समाज नहीं बन सकता जब तक इसके नागरिकों में समानता और समरसता का वातावरण ना हो। गोविंद ठाकुर ने कहा कि युवा पीढ़ी को बाबासाहेब की शिक्षा और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उनके आदर्शों को न केवल भारतवर्ष बल्कि पूरी दुनिया में सम्मान किया जाता है और उनकी जयंती भी विश्व के विभिन्न भागों में उनके चाहने वालों द्वारा मनाई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्राम पंचायत की मांगों को पूरा करते हुए गोविंद ठाकुर ने पाठशाला के मंच पर छत लगाने के लिए 3 लाख रुपए, दुर्गा माता मंदिर परिसर के विकास के लिए तीन लाख तथा माली पत्थर भवन के लिए भी 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ना केवल दलितों मुस्लिमों व पिछड़े वर्गों के मसीहा थे बल्कि वह समूची मानव जाति के मसीहा कहलाए। प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि युवा पीढ़ी को बाबासाहेब की जीवनी को अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी उन्होंने हिम केयर योजना में पंजीकृत करवाने के लिए लोगों से आग्रह किया। उन्होंने कहा इस साल के बजट में प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की आयु सीमा को 70 वर्ष से घटाकर 65 वर्ष कर दिया है। उन्होंने कहा बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों में जन्मी दो बेटियों के नाम सरकार 21 हजार रुपए की एफडी प्रति बच्ची के नाम पर सरकार जारी करती है। भाजपा एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिवचंद्र ने भी बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डाला। स्थानीय प्रधान जोगिंदर कुमार मेहरा ने मेहमानों का स्वागत किया और ग्राम पंचायत की समस्या मंत्री के समक्ष रखी। इस अवसर पर रजनी ठाकुर मंडल अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, भाजपा महामंत्री अखिलेश कपूर, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य जोगिंदर सिंह, पंचायत समिति के अध्यक्ष कुंदन लाल ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष जनेश, के अलावा उप प्रधान प्रेमचंद उपाध्यक्ष पंचायत समिति अनीता सहित अन्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।