सुरभि न्यूज़
शिमला
आईपीएस अधिकारी साजूराम राणा का गत दिन दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया जिससे पुलिस विभाग ने एक ईमानदार व कर्मठ ऑफिसर को खो दिया है। पुलिस विभाग में उनके निधन से शोक की लहर फैल गई। धर्मशाला में मुख्यमंत्री की आभार रैली के दौरान आईपीएस अधिकारी साजूराम राणा का दिल का दौरा पड गया था जिसके कारण उनका निधन हो गया। साजूराम राणा के निधन पर पुलिस विभाग ने गहरा शोक व्यक्त किया है। डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि आईपीएस साजूराम राणा चतुर्थ भारतीय आरक्षित वाहिनी के समादेशक जंगलबैरी अपनी सेवाएं दे रहे थे। मुख्यमंत्री के धर्मशाला पहुँचने पर वह रैली के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। डीजीपी ने कहा कि वह पुलिस विभाग में एक कर्मठ पुलिस अधिकारियों में से एक थे। साजू राम राणा का जन्म 13 मई, 1964 को धर्मपुर जिला मंडी में हुआ था। वह पहली नवंबर, 1990 को पुलिस विभाग में बतौर निरीक्षक भर्ती हुए थे। अपनी 32 साल 11 महीने के सेवाकाल के दौरान उन्होंने प्रदेश की विभिन्न जिलों में बतौर उप-पुलिस अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व जिला कांगड़ा, बिलासपुर, सोलन, चंबा व भारतीय आरक्षित वाहिनियों में अपनी सेवाएं दी। उनकी वर्ष 2009 में बतौर पुलिस अधीक्षक पदोन्नति हुई थी। बतौर पुलिस अधीक्षक उन्होंने जिला लाहुल-स्पीति, तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी, पुलिस अधिकारी कल्याण पुलिस मुख्यालय, समादेशक प्रथम, द्वितिय, भारतीय आरक्षित वाहिनियों में भी अपनी सेवाएं दी। जनवरी 2020 में उनकी आईपीएस में पदोन्नति हुई थी, उसके पश्चात वे पुलिस अधीक्षक जिला किन्नौर व बिलासपुर में तैनात रहे। वर्तमान में वे बतैार समादेशक चतुर्थ भारतीय आरक्षित वाहिनी में तैनात थे। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए साजूराम राणा को भारत सरकार की ओर से पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी साजू राम राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जोनल अस्पताल धर्मशाला में जा कर एस आर राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुखद घटना से शोकाकुल एसआर राणा की पत्नी पुत्र एवं परिवार के अन्य सदस्यों से गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संपत परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार एसआर राणा के परिवार के साथ है और प्रदेश सरकार परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।