सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 12 फरवरी
सूत्रधार कला संगम कुल्लू की विशेष बैठक आज सूत्रधार भवन कार्यालय में संस्था के उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में 22 फरवरी 2026 को देव सदन, कुल्लू में आयोजित होने वाली 28वीं सूत्रधार होली संध्या की तैयारियों एवं रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
संस्था के प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम महंत ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा अपने वार्षिक सांस्कृतिक आयोजन 28वीं सूत्रधार होली संध्या का भव्य आयोजन देव सदन के सभागार में 22 फ़रवरी को हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम में कुल्लू जनपद में पीढ़ियों से गाए जा रहे लोकप्रचलित एवं पारंपरिक होली गीतों सहित सुप्रसिद्ध लेखक, गायक एवं संगीतकार स्वर्गीय राम कुमार कपूर द्वारा रचित होलियों की मधुर प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी तथा कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से होली से संबंधित नृत्य प्रस्तुतियाँ भी शामिल की जाएंगी ।
उन्होंने कहा कि सूत्रधार होली संध्या केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सद्भाव का संदेश देने वाला उत्सव है, जिसमें रंगों के साथ-साथ लोक संस्कृति की सुगंध भी अनुभव की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 28वीं सूत्रधार होली संध्या का आयोजन 22 फरवरी 2026, रविवार को देव सदन कुल्लू के सभागार में सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर के दिशा निर्देश में सूत्रधार के कलाकार तथा सूत्रधार संगीत अकादमी के प्रशिक्षुओं द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएगी।
कार्यक्रम का मंच संचालन संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुंदर श्याम द्वारा किया जाएगा । यह सम्पूर्ण कार्यक्रम सभी कला प्रेमियों के लिए निशुल्क रहेगा ।
बैठक में उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, सह-प्रचार प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, प्राचार्य संगीत अकादमी पं. विद्या सागर तथा प्रबंधक उत्तम चन्द उपस्थित रहे।











