के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी में आइडियाज़ 4.0 का भव्य शुभारंभ, एआई और नवाचार के मंच पर जुटे 18 हजार से अधिक विद्यार्थी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, गुरुग्राम

के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी में मंगलवार को दो दिवसीय आइडियाज़ 4.0 – द इनोवेशन कार्निवल 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नवाचार और कौशल आधारित शिक्षा पर केंद्रित इस आयोजन में विभिन्न स्कूलों, विश्वविद्यालयों और स्टार्ट-अप्स से जुड़े 18 हजार से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कार्निवल का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने के साथ उनकी रचनात्मकता, नवाचार क्षमता और व्यावहारिक कौशल को प्रोत्साहित करना है।

आयोजन के पहले दिन 100 से अधिक गतिविधियां और 25 से ज्यादा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें मास्टरक्लास, कार्यशालाएं, रोबोटिक्स चुनौतियां, हैकाथॉन और नवाचार प्रदर्शनियां शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नई तकनीकों के माध्यम से व्यावहारिक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में वन ग्लोब फोरम के चेयरमैन दलबीर सिंह, मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मानिका विश्वकर्मा, ‘फ्लाइंग बीस्ट’ के नाम से लोकप्रिय गौरव तनेजा और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के महानिदेशक श्री अरविंद विशेष रूप से उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. दिनेश सिंह, प्रो-चांसलर अभिषेक गुप्ता, वाइस चांसलर प्रो. अनिल सैनी और रजिस्ट्रार राजीव रतन ने भी समारोह में भाग लिया।

विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. अनिल सैनी ने कहा कि आइडियाज़ 4.0 युवाओं में नवाचार, रचनात्मकता और अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों को शिक्षा से जोड़कर विद्यार्थियों को स्वतंत्र एवं तार्किक सोच विकसित करने, व्यावहारिक समाधान तैयार करने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपने विचारों को सार्थक नवाचारों में बदलने के लिए प्रेरित करते है।

कार्निवल का एक प्रमुख आकर्षण ‘पब्लिक-प्राइवेट रिसर्च पार्टनरशिप्स: राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग एवं प्रत्यायन में सफलता के लिए सहयोग’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा रही। इसकी अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. दिनेश सिंह ने की।
चर्चा में विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) दिनेश, दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ साइंटिफिक स्किल्स के डीन प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के डीन प्रो. पी.के. गुप्ता, बाइनरी सेमांटिक्स लिमिटेड के सीईओ अखिल चौधरी, स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए), दिल्ली के निदेशक डॉ. वी.के. पॉल और फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन डॉ. दीपेंद्र सिंह ने भाग लिया।

पैनल चर्चा के दौरान शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत के बीच सहयोग, शोध की गुणवत्ता में सुधार तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग और प्रत्यायन में साझेदारी की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने शैक्षणिक उत्कृष्टता और शोध परिणामों को बेहतर बनाने के लिए संस्थागत सहयोग के महत्व पर भी चर्चा की।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद आइडियाज़ 4.0 का औपचारिक अनावरण और आयोजन की आधिकारिक पुस्तक का विमोचन किया गया। समारोह के दौरान वन ग्लोब फोरम की ओर से सम्मान भी प्रदान किया गया। अतिथियों ने इनोवर्स प्रदर्शनी और एआई एरीना का भ्रमण कर विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई नवाचार आधारित परियोजनाओं और तकनीकी अनुप्रयोगों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक के उपयोग से तैयार अपने मॉडल, विचार और समाधान प्रस्तुत किए।

पहले दिन नृत्य, रोबोटिक्स और अन्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, एआई एरीना में विशेषज्ञों के व्याख्यान और स्टार्ट-अप से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ टीमवर्क, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान जैसे कौशल विकसित करने का अवसर मिला।

28 अक्टूबर को होगा आइडियाथॉन का अंतिम चरण
आइडियाज़ 4.0 का आयोजन बुधवार, 28 अक्टूबर को भी जारी रहेगा। दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं, विशेषज्ञों के व्याख्यान और आइडियाथॉन के अंतिम चरण का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
यह इनोवेशन कार्निवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को वास्तविक रूप देने और तकनीकी क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *