सुरभि न्यूज़
बिहाली, सैंज : 26 अक्टूबर
एनएचपीसी के पार्बती-III पावर स्टेशन में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखा गया है। पावर स्टेशन में यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाया जा रहा है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्घाटन अवसर पर पावर स्टेशन प्रमुख सुधीर कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रंजीत कुमार, महाप्रबंधक (यांत्रिक) सहित पावर स्टेशन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के दौरान कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी और कविता पाठ जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत प्राथमिक विद्यालय टिपरिधार, माध्यमिक विद्यालय लार्जी, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंज तथा राजकीय डिग्री कॉलेज सैंज में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
एनएचपीसी पार्बती-III पावर स्टेशन द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और विद्यार्थियों में सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में ईमानदारी और पारदर्शिता की भावना को मजबूत करना है।













