सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 26 अक्टूबर
अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान अटल सदन, कुल्लू में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज, ढालपुर के प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
युवाथॉन फाउंडेशन एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कुल्लू द्वारा द मिस्टिक सोल कैफे के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कॉलेज के प्रतिनिधियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज के ऑफिशिएटिंग एसोसिएट डायरेक्टर सैमुअल मसीह ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उनसे प्रेरणा लेते हुए कॉलेज के चार फाइनल ईयर विद्यार्थियों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कॉलेज प्रबंधन एवं विद्यार्थियों की इस पहल ने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में सेवा, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दिया। रक्तदान के माध्यम से उन्होंने जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने और दूसरों को भी इस नेक कार्य के लिए आगे आने का संदेश दिया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में मानवता की सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज की इस सहभागिता ने उसके आदर्श वाक्य “Learning to Cure with Human Hands” यानी “मानवीय संवेदनाओं के साथ उपचार करना सीखना” को सार्थक रूप से प्रदर्शित किया।
कॉलेज प्रबंधन एवं विद्यार्थियों का यह योगदान कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान सामाजिक सरोकारों और जनसेवा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।











