सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
चौहार घाटी की बरोट पंचायत के बरोट, ढरांगण, थुजी, कहोग गांव, लपास तथा वरधान पंचायत के गांव को प्लालिंग एरिया में डालने पर लोगों ने सरकार के प्रति कड़ा विरोध जताया है। बरोट पंचायत के प्रधान डाक्टर रमेश ठाकुर की अगुवाई में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया जिसमें गाँवों के लगभग 150 लोगों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि यहाँ के गाँववासियों की एक स्थान पर इकट्ठा जमीन नहीं है क्योंकि यहाँ पर लोगों के खेत एक पटटू बांड में विभाजित हैं। जिसके चलते लोगों को अपने मकान बनाने तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरकार ने इन गाँवों को प्लालिंग एरिया में डालकर लोगों की परेशानियों को और भी बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि बैठक में उपस्थित लोगों ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रदेश सरकार से मांग की है कि इसके लिए पुनर्विचार कर इन गाँवों को प्लालिंग एरिया से तुरंत बाहर किया जाए और यहाँ पर लोगों की सुविधा के लिए उनके खेतों की टेला बांड की जाए। लोगों का कहना है कि टेला बांड होने से एक तो यहां के किसानों को खेतीबाड़ी करने में आसानी होगी वहीँ लोगों को किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य करने में कोई भी परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। इन गाँवों को प्लालिंग एरिया से बाहर करने के लिए पंचायतों में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा और उपमंडल अधिकारी पद्धर के माध्यम से जिला मंडी उपायुक्त को प्रस्ताव भी प्रेषित किया जाएगा।









