सुरभि न्यूज़ ब्युरो
बजौरा (कुल्लू), 8 सितंबर
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति व कुल्लू जिला में समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाली डॉक्टर वांगमो को रोपा में एक्सो सोशली एचआर डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर डॉक्टर वांगमो की दत्तक पुत्री क्रिस्टी सिमरो खासतौर पर मौजूद रही।
इस मौके पर एक्सो सोशली एचआर डेवलपमेंट फाउंडेशन रोपा के निदेशक केशव ठाकुर ने डॉक्टर वांगमो द्वारा समाज में दी गई अपनी सराहनीय सेवाओं को याद किया।
केशव ठाकुर के मुताबिक डॉ वांगमो ने अपने जीवन काल में कुल्लू जिला के साथ-साथ लाहल स्पीति में महिला उत्थान के साथ-साथ शिक्षा व सामाजिक सुधारों के अंतर्गत सराहनीय कार्य किया।
जिसकी वजह से खास तौर पर जनजातीय क्षेत्र लाहुल स्पीति की महिलाओं में जागरूकता आई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रकार की सुविधा भी मुहैया करवाई गई। जिसके लिए डॉ वांगमो ने मनाली के पास अपना एक अस्पताल भी चलाया था। जहां पर वह जरूरतमंद महिलाओं के साथ-साथ गरीब लोगों को मुफ्त में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाती थी। इसके साथ ही उन्होंने बेसहारा बच्चों के लिए भी एक आश्रम चलाया था और उन बच्चों की शिक्षा दीक्षा लालन-पालन का जिम्मा भी खुद संभाला।
5 जुलाई 2024 को उनका निधन हो गया। उनके निधन से समाज सेवा क्षेत्र में एक अपूर्ण क्षति हुई है, जिसकी भरपाई कर पाना बेहद कठिन है।
इस मौके पर डॉक्टर वांगमो की दत्तक पुत्री क्रिस्टी सिमरो ने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा को अर्पित कर दिया था। गरीब बच्चों की पढ़ाई से लेकर महिलाओं को आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उन्होंने बेहतर काम किया। अनेक युवाओं को उन्होंने शिक्षित करके सरकारी सेवाओं में भी भेजा। अनेकों परिवारों को उन्होंने आर्थिक तौर पर भी मदद की।
क्रिस्टी सिमरो के मुताबिक उनकी मां डॉक्टर वांगमो ने अपनी एक समय से भी सोसाइटी चलाई थी। जिसके माध्यम से वह हर वर्ग के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहती थी। क्रिष्टि ने कहा कि उनका समाज सेवा के प्रति जज्बा बेहद सराहनीय था। उनके जाने से समाज सेवा के क्षेत्र में एक खाली पन गया है। जिसको भर पाना आने वाले समय में बेहद ही असंभव होगा।
इस मौके पर हैदराबाद से खासतौर पर रोपा पहुंचे रवि व श्रीवास्तव सहित स्थानीय महिला मंडल की सदस्य तथा स्थानीय लोगों ने डॉ वांगमो को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी सेवाओं को याद किया।