विद्यार्थियों को भारतीय वायुसेना की संरचना, कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण प्रणाली और देश की सुरक्षा के प्रति किया जागरूक 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

शिमला, 25 नवम्बर

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, ठियोग में पीएम श्री कार्यक्रम के अंतर्गत 24 नवम्बर 2025 को एक विशेष जागरूकता और प्रोत्साहन सत्र का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में वायुसेना स्टेशन अंबाला से तीन अधिकारी मदन लाल (सार्जेंट), के.एस. प्रकाश (कॉर्पोरल) तथा विकास (कॉर्पोरल) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य रोशन लाल वर्मा द्वारा सभी अधिकारियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को रक्षा सेवाओं के बारे में समग्र जानकारी प्रदान करते हैं तथा उनमें राष्ट्र सेवा के प्रति उत्साह जगाते हैं। अतिथि वक्ताओं ने विद्यार्थियों को भारतीय वायुसेना की संरचना, कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण प्रणाली और देश की सुरक्षा में उसकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीकी प्रगति के इस युग में भारतीय वायुसेना कितनी तेजी से आधुनिक हो रही है तथा युवा पीढ़ी के लिए इसमें करियर बनाने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।

सार्जेंट मदन लाल ने वायुसेना में भर्ती प्रक्रिया, आवश्यक पात्रताएँ, शारीरिक व मानसिक तैयारी तथा प्रशिक्षण के विभिन्न चरणों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी युवा वायुसेना का हिस्सा बन सकता है।

कॉर्पोरल के.एस. प्रकाश ने भारतीय वायुसेना में तकनीकी शाखाओं और विमानन से जुड़े अत्याधुनिक उपकरणों के संचालन की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं गणित की मजबूत समझ विकसित करने और नवीनतम तकनीकों के प्रति उत्सुक रहने की प्रेरणा दी।

कॉर्पोरल विकास ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वायुसेना न केवल एक करियर है, बल्कि देश की सेवा करने का एक गौरवपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षा, अनुशासन और टीमवर्क के महत्व से अवगत कराया।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल, व्यवहारिक और प्रेरणादायक उत्तर दिया। प्रश्नोत्तर सत्र ने विद्यार्थियों को वायुसेना में करियर से जुड़ी शंकाओं को दूर करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का धन्यवाद व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने इस सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और भविष्य दिशा-निर्धारण में सहायक बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *