सुरभि न्यूज़
धर्मशाला, 03 दिसंबर
विधानसभा सत्र के दौरान मीडिया के प्रतिनिधियों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही “हिमाचल ऑन सेल” की योजना चलाई हुई है। मुख्यमंत्री कई बार सार्वजनिक बयानों में इस बात का जिक्र भी कर चुके हैं और उनके फैसलों में भी हिमाचल के हितों की बेचने की बात बार-बार सामने आई है। विधानसभा में धारा 118 को लेकर जो संशोधन लाया गया है वह हिमाचल प्रदेश के हितों को बेचने की एक साजिश है। हम पहले दिन से कह रहे हैं सरकार की मित्र मंडली में बहुत सारे ऐसे लोग हैं जो देश भर में घूम-घूम कर धारा 118 में छूट दिलवाने का ठेका लेते फिर रहे हैं। मीडिया के माध्यम से भी ऐसी कई बार बातें सामने आई हैं। जो धारा 118 में छूट दिलाने के नाम पर पैसे इकट्ठे करते देखे गए। अब सरकार ऐसा सिस्टम बनाने में लगी है जो लोगों को हिमाचल में जमीन ने खरीदने का रास्ता निकाल सके। सरकार हर तरीके से हिमाचल प्रदेश के हितों को बेचने पर अमादा है। लेकिन जो लोग पिछली सरकार में 118 को छूने पर हाथ जल जाने और हाथ कट जाने की धमकी दे रहे हैं, वह नेता कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं इन्होंने सत्ता में आते ही प्रदेश में सुविधाओं को छीनने और संसाधनों को बेचने में ही रुचि दिखा रहे हैं और लगातार उसी काम में लगे हुए हैं।










