जिला कुल्लू के बठाहड़ में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का सफल आयोजन, कई समस्याओं का मौके पर निपटारा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी गुशेनी : बंजार

जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी के दूर दराज क्षेत्र बठाहड़ में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहल “प्रशासन गाँव की ओर” कार्यक्रम का आयोजन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सरकार की ओर से एपीएमसी अध्यक्ष जिला कुल्लू एवं लाहौल स्पीति राम सिंह मियां स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारिओं सहित मौजूद रहे।

तीर्थन क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों के लोगों की जन समस्याओं को एक मंच पर सुनने और सुलझाने के उद्देश्य से बंजार प्रशासन के द्वारा लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह बठाहड़ में प्रसासन गाँव की ओर कार्यक्रम में स्थानीय पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और बंजार प्रशासन से विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्थानीय प्रसासन की ओर से इस कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार बंजार नीरज शर्मा ने की, जबकि प्रदेश सरकार प्रतिनिधि एपीएमसी जिला कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ उपमंडल स्तर से सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण व मरम्मत, पेयजल संकट, बिजली परिवहन, पुल निर्माण, रेस्ट हॉउस निर्माण, सुरक्षा दीवार, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, शिक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़े अनेकों मुद्दे लिखित और मौखिक रूप में प्रमुखता से उठाए।

इस कार्यक्रम में कुल 13 लिखित शिकायतें और कुछ मौखिक शिकायतें दर्ज हुई है। इनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष मामलों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्थानीय प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम में एक्सन जल शक्ति विभाग लारजी, एसडीओ लोक निर्माण विभाग बंजार, एसडीओ जल शक्ति विभाग बंजार, थाना प्रभारी बंजार, एसडीओ बिजली विभाग बंजार, पथ परिवहन अड्डा प्रभारी बंजार, सीडीपीओ बंजार, एडीपीओ बंजार और ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क शाईरोपा के अधिकारी एवं कर्मचारी कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा स्थानीय ग्राम पंचायत मशयार की प्रधान शांता देवी, ग्राम पंचायत शिल्ली की प्रधान शेतू देवी, ग्राम पंचायत शर्ची की प्रधान रामेश्वरी ठाकुर, ग्राम पंचायत शिल्ली के उप प्रधान मोहर सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत तुंग की पूर्व प्रधान रोशनी देवी, बंजार कांग्रेस के नेता टीसी. महंत, गुमत राम, बली राम, धनेश्वर प्रसाद डोड, पूर्व प्रधान खूब राम और समाजसेवी पूर्ण चंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहे।

एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां ने स्पष्ट संदेश में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा प्रदेश सरकार की मंशा है कि जनता को अपनी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि “प्रशासन गाँव की ओर” जैसे कार्यक्रम प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और गांव स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनता की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ निपटाने का आह्वान किया। इन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी तीर्थन घाटी सहित उपमंडल बंजार के अन्य क्षेत्रों में भी “प्रसासन गाँव की ओर” कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि जनसमस्याओं का समाधान गांव के द्वार पर ही हो सके।

कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि अपने घर द्वार पर ही उन्हें प्रसासन से अपनी बात सीधे और खुलकर रखने का अवसर मिला है।
लोगों ने प्रशासनिक अधिकारिओं से आग्रह किया है कि उनकी शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार से समय पर किया जाए।

कुछ लोगों का कहना है कि आज से पहले भी तीर्थन घाटी के गुशेनी और शर्ची गांव में इस तरह के कार्यक्रम सरकार गांव के द्वार का आयोजन बड़े स्तर पर हो चूका है जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुखु भी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारिओं सहित मौजूद रहे। उस दौरान भी लोगों ने कार्यक्रम में अपनी कई समस्याएं उठाई थी, लेकिन उनमें से कई समस्याएं अभी तक नहीं सुलझ पाई है। इस लिए लोगों का अधिकारिओं की कार्यशैली पर भरोसा कम हो रहा है। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि दूर दराज क्षेत्रों में इस तरह के कार्यक्रम नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *