Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 20 जनवरी
एसडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त लाहौल–स्पीति कुनिका एकर्स ने अटल टनल सिस्सू एवं उससे सटे क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में डीएसपी रश्मि शर्मा तथा नायब तहसीलदार लाहौल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें नदी किनारों पर न जाने, ऊँचे एवं फिसलन भरे पहाड़ों तथा खतरनाक क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त हिदायतें दी गई। जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों से अपील की गई कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
एसडीएम ने अटल टनल के समीप तैनात गाइडों एवं स्थानीय लोगों को निर्देश दिए गए कि वे आने वाले पर्यटकों को क्षेत्र में मौजूद संभावित खतरों, मौसम की स्थिति तथा सुरक्षित स्थलों के बारे में पूर्व जानकारी अवश्य दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इसी सन्दर्भ में आज 20 जनवरी को पर्यटकों की आवाजाही एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर उपायुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष, केलांग में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त लाहौल–स्पीति कुनिका अकर्स ने की। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि कई पर्यटक नए एवं साहसिक स्थलों की तलाश में ऐसे क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं, जहाँ दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा वन विभाग से सिस्सू हेलीपैड के झील क्षेत्र के समीप फेंसिंग कराने का अनुरोध किया गया। साथ ही कोकसर से दालंग स्नो पॉइंट तक चेतावनी बोर्ड लगाने पर चर्चा की गई, ताकि लोगों को यह स्पष्ट जानकारी मिल सके कि कहाँ जाना सुरक्षित है और कहाँ नहीं। स्थानीय लोगों को होने वाली असुविधा एवं ट्रैफिक जाम से बचने के लिए साडा बैरियर के स्थानांतरण पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बर्फबारी एवं शीतकाल के दौरान रेस्क्यू कार्यों हेतु वाहनों की उपलब्धता, डीडीएमए द्वारा विंटर किट प्रदान करने, अटल टनल नॉर्थ पोर्टल व अन्य पर्यटन स्थलों पर सशुल्क पार्किंग की संभावनाओं, अटल कैफे के जीर्णोद्धार, सिस्सू वाटरफॉल की ओर जाने वाले पुल के निर्माण , प्री-फैब्रिकेटेड एवं ड्राई टॉयलेट्स की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
पर्यटकों में स्वच्छता एवं प्रकृति के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु पुलिस, डीडीएमए, स्थानीय लोगों एवं पीआरआई के सहयोग से नियमित पेट्रोलिंग एवं जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर डीएसपी रश्मि शर्मा ने कहा कि भविष्य में होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए पर्यटकों को नदी किनारों एवं असुरक्षित स्थानों की ओर जाने से सख्ती से रोकने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव की घटनाओं को रोकने हेतु चालान एवं जुर्माने लगाए जा रहे हैं तथा पुलिस इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाने पर भी सहमति जताई। साथ ही स्थानीय लोगों, दुकानदारों, पीआरआई सदस्यों का एक समूह गठित कर समय पर सूचना पुलिस को देने पर बल दिया गया, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
एसडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त कुनिका एकर्स ने सभी विभागों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की तथा कहा कि बैठक में दिए गए सभी सुझावों एवं बिंदुओं को प्रभावी रूप से लागू करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव सुनिश्चित हो सके। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जाती रहेगी।











