बरोट के बाजारों में करवा चौथ की खरीदारी को लेकर रौनक, ब्यूटी पार्लरों में भी बढ़ी चहल-पहल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी तथा छोटा भंगाल घाटी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस पर्व को लेकर महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विवाहित महिलाएं अपने पतियों की दीर्घायु तथा सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखेंगी, जबकि युवतियां अपने होने वाले जीवनसाथी की लंबी आयु की कामना के साथ इस पर्व को मनाएंगी।

करवा चौथ के अवसर पर 29 अक्तूबर, वीरवार को रखे जाने वाले व्रत को लेकर घाटी के प्रमुख बाजारों बरोट, लक्कड़ बाजार, टिक्कन, थल्टूखोड़ तथा लोहारड़ी में पिछले तीन-चार दिनों से खूब रौनक बनी हुई है। महिलाएं व्रत से संबंधित सामग्री की खरीदारी करने के लिए बाजारों में पहुंच रही हैं। वहीं, सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं और युवतियों की भीड़ देखने को मिल रही है।

इस वर्ष करवा चौथ को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। घाटी के लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा सरकारी नौकरी करने वाले कर्मचारियों को करवा चौथ के अवसर पर अवकाश देने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया है। सुख राम, गुरदेव सिंह, विवेक ठाकुर और सुशील कुमार सहित अन्य लोगों का कहना है कि इस अवकाश से नौकरीपेशा लोगों को अपनी पत्नियों के साथ पर्व मनाने और व्रत से जुड़ी रस्मों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि करवा चौथ पति-पत्नी के आपसी प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से नौकरीपेशा परिवारों को पर्व मनाने में सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *